मोतिहारी जहरीली शराब कांड में बड़ा फैसला: चार दोषियों को आजीवन कारावास, 5-5 लाख रुपये का अर्थदंड

वर्ष 2023 में पूर्वी चंपारण के चर्चित जहरीली शराब कांड में उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने चार दोषियों—अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव—को आजीवन कारावास और 5-5 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। इस मामले में 22 लोगों की मौत हुई

motihari hooch tragedy 2023 court sentences four convicts li
मोतिहारी जहरीली शराब कांड में बड़ा फैसला, चार दोषियों को आजीवन कारावास- फोटो : Reporter

वर्ष 2023 में पूर्वी चंपारण के चर्चित जहरीली शराब कांड में न्यायालय ने चार अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने विचारण के उपरांत अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं में दोषी पाया। अदालत ने चारों दोषियों को आजीवन कारावास और प्रत्येक पर पांच-पांच लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।


अप्रैल 2023 में 22 लोगों की गई थी जान

यह मामला अप्रैल 2023 का है, जब हरसिद्धि, तुरकौलिया, पहाड़पुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने के बाद कई लोगों की हालत बिगड़ गई थी। इस त्रासदी में कुल 22 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद हरसिद्धि थाना समेत संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संलिप्त आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।


वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सघन जांच

प्रकरण की जांच तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक अमृत राज के मार्गदर्शन, तत्कालीन डीआईजी दलजीत सिंह के पर्यवेक्षण और तत्कालीन डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने 15 से 20 दिनों तक कैंप कर अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की। मामले का अनुसंधान तत्कालीन पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश ने किया।


तकनीकी व वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर पहचान

पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के साथ अन्य उपलब्ध तथ्यों को जोड़ते हुए इस कांड में शामिल अभियुक्तों की पहचान सुनिश्चित की। एकत्र किए गए साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपों को अदालत के समक्ष मजबूती से रखा गया। न्यायालय में विशेष लोक अभियोजक अनिल सिंह ने अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की।


समन्वित प्रयास और गुणवत्तापूर्ण जांच का परिणाम

पुलिस मुख्यालय ने इस दोषसिद्धि को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और साक्ष्यों की बेहतर प्रस्तुति का परिणाम बताया है। मुख्यालय के अनुसार, यह फैसला पुलिस और अभियोजन पक्ष के समन्वित प्रयासों से संभव हो सका है।

मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट