तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव 2026 का भव्य आगाज: डिप्टी सीएम विजेन्द्र यादव ने किया उद्घाटन, व्यंजन और पुस्तक मेला बने आकर्षण का केंद्र

नालंदा जिले में तीन दिवसीय 'राजगीर महोत्सव 2026' का भव्य आगाज हो गया है। गुरुवार को डिप्टी सीएम ने विजेन्द्र यादव ने विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विकास कार्यों को याद करते हुए उनकी सराहना की.....

तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव 2026 का भव्य आगाज: डिप्टी सीएम विज
3 दिवसीय राजगीर महोत्सव का आगाज- फोटो : राज

Nalanda : जिला स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक नगरी राजगीर में तीन दिवसीय 'राजगीर महोत्सव 2026' का भव्य आगाज हो गया है। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, स्थानीय विधायकों, विधान पार्षदों और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी में किया गया। राष्ट्रीय गीत और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके पश्चात अतिथियों को बुके, शॉल और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।


वर्ष 1986 से जारी है परंपरा, व्यंजन और पुस्तक मेला लुभा रहे पर्यटकों को

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करना तथा राजगीर की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाना है। वर्ष 1986 से निरंतर आयोजित हो रहा यह महोत्सव आज राजगीर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। महोत्सव परिसर में लगाए गए लजीज व्यंजन मेला और ज्ञानवर्धक पुस्तक मेला स्थानीय लोगों और सैलानियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं।


उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव और मंत्री श्रवण कुमार ने विकास कार्यों को किया याद

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि पर्यटन, शिक्षा, बिजली, सड़क और पेयजल के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आज बिहार में 300 से अधिक महोत्सवों का आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री की दूरदर्शी पहल का ही परिणाम है, जिनके कार्यों को इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा।


बिहार को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने का सरकार का लक्ष्य

मंत्री श्रवण कुमार ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी राज्य के अधूरे विकास कार्यों को गति देकर पूरा करने का दृढ़ संकल्प लिया है। नालंदा जिला प्रशासन और राज्य पर्यटन विभाग के आपसी समन्वय से इस महोत्सव का भव्य और सफल आयोजन किया जा रहा है। सरकार का मुख्य लक्ष्य बिहार को देश के शीर्ष पांच अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करते हुए एक विकसित राज्य बनाना है।


संस्कृति, पर्यटन और विकास का संगम बना राजगीर महोत्सव

तीन दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ के माध्यम से एक बार फिर बिहार की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, कला-संगीत, पर्यटन की असीम संभावनाओं और आधुनिक विकास की झलक देखने को मिल रही है। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर पर्यटकों और स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह है।


राज की रिपोर्ट