Sonpur Mela:आज से शुरू होगा विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला, CM करेंगे उद्घाटन, पर्यटकों के लिए खास इंतजाम

Sonpur Mela:विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला आज यानी रविवार से पूरे उत्साह और उमंग के साथ शुरू होगा।

विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला का आगाज- फोटो : X

Sonpur Mela:विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला आज यानी रविवार से पूरे उत्साह और उमंग के साथ शुरू होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे, जबकि उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। एक महीने तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले को यादगार और आकर्षक बनाने के लिए पर्यटन विभाग ने खास तैयारियां की हैं। इस बार पर्यटकों के मनोरंजन, ठहरने और भ्रमण की सहूलियत पर विशेष तवज्जो दी गई है। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कला, शिल्प और स्थानीय विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह के मुताबिक, मेला परिसर में भव्य सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज तैयार किया गया है। पूरे मेला अवधि में प्रतिदिन सांस्कृतिक पंडाल में कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पर्यटकों की रहनुमाई और जानकारी के लिए अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र भी बनाया गया है। इसके अलावा प्रशिक्षित पर्यटक गाइडों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि बाहर से आने वाले सैलानियों को मेले और आसपास के दर्शनीय स्थलों की जानकारी आसानी से मिल सके।

पर्यटकों के ठहरने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने पर्यटन ग्राम में छह राजवाड़ी टेंट और स्वीस कॉटेज तैयार कराए हैं। इनमें फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सभी कॉटेज में डबल बेड और अटैच बाथरूम की व्यवस्था है। भारतीय पर्यटकों के लिए किराया तीन हजार रुपये और विदेशी सैलानियों के लिए पांच हजार रुपये प्रतिदिन तय किया गया है।

पटना से सोनपुर आने-जाने के लिए दो तरह के विशेष टूर पैकेज भी शुरू किए गए हैं। एक रात और दो दिन के फैमिली पैकेज में दो व्यक्तियों को 5200 रुपये खर्च करने होंगे। इसमें एसी वाहन, गाइड, ठहरने, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, स्नैक्स तथा पानी शामिल हैं। पहले दिन हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद मिलेगा। दूसरे दिन मेला भ्रमण के बाद दोपहर 3:30 बजे तक पटना वापसी होगी।

वहीं, एक दिवसीय पैकेज दोपहर 12 से शाम सात बजे तक का है। इसमें वाहन के प्रकार के अनुसार प्रति व्यक्ति 900 से 1400 रुपये खर्च होंगे। पैकेज में वाहन, प्रशिक्षित गाइड, स्नैक्स और पानी मिलेगा। बुकिंग तथा विस्तृत जानकारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस बार सोनपुर मेला धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और पर्यटन का खास संगम बनने जा रहा है।