Crime News: खुफिया ब्यूरो के SP को उनके ड्राइवर ने मारी गोली, पुलिस विभाग में हड़कंप

Crime News:खुफिया ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक को उनके ही कार चालक ने गोली मार दी। ...

IB SP Shot by His Driver in Haridwar
SP को उनके ड्राइवर ने मारी गोली- फोटो : social Media

Crime News:खुफिया ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक  को उनके ही कार चालक ने गोली मार दी। उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार शाम एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पुलिस महकमे को सकते में डाल दिया। खुफिया ब्यूरो (आईबी) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही कार चालक ने तमंचे से गोली चला दी। अचानक हुई इस फायरिंग में एसपी जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चालक विक्रम नेगी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सनसनीखेज घटना कनखल इलाके की है। शनिवार शाम एसपी सीपी नौटियाल अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी अपने चालक विक्रम नेगी से बहस शुरू हो गई। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि चालक ने आपा खो दिया। आरोप है कि उसने तमंचा निकालकर एसपी पर गोली दाग दी। गोली लगते ही नौटियाल घायल हो गए। इस अप्रत्याशित हमले से आसपास मौजूद लोग भी सकते में आ गए।

वारदात के तुरंत बाद घायल अधिकारी को कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने फौरन प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर हैं। बेहतर इलाज तथा विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर किया गया।

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गोली एसपी के माथे के पास लगी है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने आरोपी चालक को दबोचने के साथ हथियार भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उससे पूछताछ कर विवाद की असली वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि मामूली कहासुनी ने आखिर गोलीबारी का रूप कैसे ले लिया। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।