Sonpur Kartik Purnima Mela: कार्तिक पूर्णिमा पर सोनपुर जाने वालों के लिए खुशखबरी, रेलवे चलाएगा 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, नोट कर लें टाइम टेबल
Sonpur Kartik Purnima Mela: कार्तिक पूर्णिमा पर सोनपुर में गंगा स्नान और बाबा हरिहरनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास इंतजाम किया है।
Sonpur Kartik Purnima Mela: कार्तिक पूर्णिमा पर सोनपुर में गंगा स्नान और बाबा हरिहरनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास इंतजाम किया है। पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की सहूलियत के लिए चार जोड़ी मेला स्पेशल पैसेंजर ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। ये गाड़ियां 24 और 25 नवंबर को सोनपुर से छपरा, मुजफ्फरपुर और पाटलिपुत्र के बीच परिचालित होंगी। खास बात यह है कि इन ट्रेनों का परिचालन आधी रात से सुबह तक होगा, ताकि स्नान और पूजा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी न हो।
सोनपुर-छपरा मेला स्पेशल ट्रेन संख्या 05203/05204 सोनपुर से रात 12:15 बजे रवाना होकर सुबह 2:30 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में यह सुबह 3:45 बजे छपरा से खुलेगी और 6:38 बजे सोनपुर पहुंचेगी। वहीं, सोनपुर-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन संख्या 05202/05201 रात एक बजे सोनपुर से खुलेगी और 2:40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में सुबह तीन बजे मुजफ्फरपुर से चलकर 4:40 बजे सोनपुर पहुंचेगी।
पाटलिपुत्र के लिए दो जोड़ी विशेष गाड़ियां चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 05205/05206 सोनपुर से रात 12:10 बजे और वापसी में पाटलिपुत्र से 1:05 बजे रवाना होगी। दूसरी ट्रेन संख्या 05207/05208 सोनपुर से रात 2:05 बजे और पाटलिपुत्र से 3:05 बजे खुलेगी। दोनों गाड़ियों का सफर करीब 40 मिनट का होगा।
इसके अलावा 23 से 25 नवंबर तक कई नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर एक मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। जोगबनी-दानापुर, जयनगर-आरा, मौर्य, लिच्छवी और अवध आसाम एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा। सोनपुर-छपरा, मुजफ्फरपुर और बछवारा रेलखंड पर भी यह व्यवस्था लागू रहेगी।
रेलवे की इस पहल से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को रवाना होने से पहले ट्रेन का समय और ठहराव आधिकारिक सूचना से जरूर मिलान कर लेना चाहिए।