Sonpur Mela 2026: 21 साल बाद मुख्यमंत्री ने किया सोनपुर मेले का उद्घाटन, थिएटरों में भी लगेगा ग्लैमर का तड़का
Sonpur Mela 2026: बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले-2026 का धमाकेदार आगाज हो गया।...
Sonpur Mela 2026: बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले-2026 का रविवार को धमाकेदार आगाज हो गया। नखास क्षेत्र स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर 32 दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस बार मेले का उद्घाटन अपने आप में खास रहा, क्योंकि करीब 21 वर्षों बाद किसी मुख्यमंत्री ने खुद सोनपुर मेले का फीता खोलकर इसकी रौनक बढ़ाई है। मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर उद्घाटन समारोह तक पूरे सारण प्रमंडल में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
आस्था, संस्कृति, परंपरा और पर्यटन के अनोखे संगम सोनपुर मेले के लिए इस बार भव्य पंडाल सजाया गया था। इतिहास के पन्नों पर नजर डालें तो वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेले का उद्घाटन किया था। इसके बाद लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री या विभागीय मंत्री ही इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ करते रहे। अब 21 साल बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों उद्घाटन ने मेले की चर्चा एक बार फिर तेज कर दी है।
उधर, मेले की रौनक बढ़ाने के लिए दशकों से दर्शकों के मनोरंजन का बड़ा आकर्षण रहे थिएटर भी सज-धजकर तैयार हो रहे हैं। इस बार चार से पांच बड़े थिएटर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इनमें ग्रेट गुलाब विकास थिएटर खास चर्चा में है। थिएटरों में करीब सौ अनुभवी महिला और पुरुष कलाकार अपनी अदाओं, अभिनय और रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इस बार मनोरंजन का तड़का और भी चटपटा होने वाला है। देशभर के नामचीन कलाकारों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी कई चर्चित गर्ल्स भी मंच पर अपनी प्रस्तुति देने को तैयार हैं। थिएटर संचालक मनोज राय के मुताबिक, शाम ढलते ही थिएटर परिसरों में दर्शकों की भीड़ और चहल-पहल बढ़ने लगेगी। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।सोनपुर मेला इस बार परंपरा की विरासत, संस्कृति की मिठास और मनोरंजन के रंगीन तड़के के साथ 32 दिनों तक लोगों को आकर्षित करने के लिए तैयार है।