Bihar News : रोहतास में 50 हजार का इनामी अपराधी धनजी पासी वाराणसी से हुआ गिरफ्तार, पुलिस ने हथियार और कारतूस किया जब्त

Bihar News : रोहतास के दरिगांव थाना के पुलिस ने 50 हजार का इनामी अपराधी धनजी पासी उर्फ पप्पू टिकरा उर्फ मगहिया को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया।

50 हज़ार का इनामी गिरफ्तार - फोटो : RANJAN

SASARAM : जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र की पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी धनजी पासी उर्फ पप्पू टिकरा उर्फ मगहिया को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक दुनाली बंदूक, चार कारतूस और तीन खोखा भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि बीते 8 नवंबर को उसने एक डकैती की घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद से रोहतास पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

दरिगांव थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी धनजी पासी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर रोहतास पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और वाराणसी पहुंचकर कुख्यात अपराधी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, वह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाम बदलकर अपराध की वारदातों को अंजाम देता था, जिसके कारण विभिन्न इलाकों में उसे धनजी पासी, पप्पू टिकरा और मगहिया जैसे नामों से जाना जाता था।

मामले की जानकारी देते हुए सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस प्रकरण को पूरी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधी डकैती, हत्या, लूटपाट और चोरी सहित कई संगीन मामलों में वांछित था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। 

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

रंजन की रिपोर्ट