Bihar News : शादी का झांसा देकर तीन बच्चों की मां का युवक ने किया यौन शोषण, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

Bihar News : बिहार के शेखपुरा जिले से एक इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन बच्चों की मां के साथ शादी का झांसा देकर पिछले करीब दो वर्षों तक यौन शोषण किया गया।

शादी का झांसा देकर यौन शोषण - फोटो : UMESH

SHEKHPURA : शेखपुरा में तीन बच्चों की मां के साथ शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जिले के गगौर गांव निवासी लखपति कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार को टाउन थाना क्षेत्र के पटेल चौक के समीप एक महिला रोते-बिलखते अवस्था में मिली। इसकी सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद लोगों और मीडियाकर्मियों के सामने महिला ने अपनी आपबीती सुनाई।

पीड़िता ने बताया कि वह नवादा जिले के एक गांव की रहने वाली है और उसके तीन बच्चे हैं। कई वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। महिला के अनुसार उसकी बहन का ससुराल कारे गांव में है। वहीं उसके बहनोई के एक मित्र ने किसी तरह उसका मोबाइल नंबर प्राप्त कर उससे बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। 

महिला का आरोप है कि आरोपी उसे सूरत भी लेकर गया, जहां एक बार तीन महीने और दूसरी बार छह महीने तक अपने साथ रखा तथा इस दौरान उसका यौन शोषण करता रहा। इसके अलावा गांव में भी कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। यही नहीं शेखपुरा एवं अन्य जगहों पर शारीरिक संबंध बनाए जाने के दौरान उसने महिला का वीडियो भी बनाया जिससे वो उसके परिवार को भेज कर उसे ब्लैकमेल कर रहा है। 

पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और उसे धमकाना शुरू कर दिया। अपनी आपबीती सुनाने के दौरान महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी महिला थाना पुलिस को भी दे दी गई है। महिला थाना अध्यक्ष ऋषु कुमारी ने बताया कि अभी तक पीड़िता की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

उमेश की रिपोर्ट