Bihar News : शेखपुरा में नाबालिग प्रेमिका ने थाने में किया हाई-वोल्टेज ड्रामा, पूछताछ के दौरान पिया टॉयलेट क्लीनर, इलाज के लिए भेजी गयी हायर सेंटर

Bihar News : शेखपुरा में पूछताछ के लिए थाना लाई गई नाबालिग प्रेमिका ने कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया....पढ़िए आगे

प्रेमिका ने पिया टॉयलेट क्लीनर - फोटो : UMESH

SHEKHPURA : बिहार के शेखपुरा जिला अंतर्गत मिशन थाना परिसर में शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूछताछ के लिए बुलाई गई एक नाबालिग लड़की ने संदिग्ध परिस्थितियों में टॉयलेट क्लीनर पीकर खुदकुशी का प्रयास किया। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बरबीघा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। फिलहाल लड़की की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लड़की मूल रूप से नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और पटना में अपनी मां के साथ रहती थी। वहीं, प्रेमी मिशन थाना क्षेत्र के पुरानी शहर मोहल्ले का निवासी है और वह भी पटना में अपनी मौसी के घर रहता था। प्रेमी की बहन और लड़की के बीच दोस्ती होने के कारण दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था, इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया। बीते गुरुवार को दोनों पटना से भागकर बरबीघा पहुंचे और परसोंबीघा स्थित देवी मंदिर में शादी रचाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

शादी का वीडियो सामने आने के बाद लड़की की मां बरबीघा स्थित लड़के के घर पहुंची और बेटी से मिलने की गुहार लगाई, लेकिन परिजनों ने उन्हें मिलने नहीं दिया और प्रेमी जोड़े को मंदना गांव में एक रिश्तेदार के यहां छिपा दिया। इसके बाद पीड़ित मां ने मिशन थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दबाव बनाया, जिसके बाद प्रेमी जोड़े को थाने में हाजिर कराया गया। थाने में घंटों तक पुलिस और स्थानीय गणमान्य लोग दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन प्रेमी जोड़ा साथ रहने की जिद पर अड़ा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिजनों और पुलिस के अत्यधिक दबाव के बीच लड़की अचानक थाने के शौचालय में गई और वहां रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। बाहर आते ही वह थाना परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़ी, जिससे हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मिशन थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने तुरंत वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाकर अस्पताल से बेडशीट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि लड़की ने टॉयलेट क्लीनर थाने के अंदर पिया या कहीं और। उन्होंने स्पष्ट किया कि लड़की के परिजनों द्वारा लिखित आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उमेश की रिपोर्ट