दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या : बोरे में बंद कर नदी किनारे फेंका शव, पति, ससुर व देवर गिरफ्तार
शेखपुरा जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां पांच दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी गई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है.....
Sheikhpura : जिले के जयरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेउस गांव में दहेज में 5 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को बोरे में बंद कर नोनिया नदी के पास झाड़ियों में फेंक दिया। मृतका की पहचान तेउस गांव निवासी मोनू कुमार की पत्नी आरती कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर शव बरामद कर लिया और हत्याकांड में शामिल पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया।
शादी के बाद से ही लगातार किया जा रहा था प्रताड़ित
मृतका के पिता, बरबीघा के कोईरीबीघा निवासी मनोज राम ने बताया कि आरती की शादी वर्ष 2020 में विष्णु राम के पुत्र मोनू कुमार से हुई थी। शादी के समय 3 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और बर्तन देने के बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से आरती को कभी मायके नहीं आने दिया गया और अतिरिक्त 5 लाख रुपये दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहने वाले मजदूर पिता ने जब असमर्थता जताई, तो प्रताड़ना और बढ़ गई।
झूठी सूचना देकर शव गायब करने की रची गई साजिश
पिता के अनुसार, बीते शुक्रवार की सुबह दामाद मोनू कुमार ने फोन कर झूठी सूचना दी कि आरती ने जहर खा लिया है और कुछ ही देर बाद दोबारा फोन कर कहा कि उसकी मौत हो गई है तथा वे दाह संस्कार करने जा रहे हैं। आशंका होने पर पिता ने तुरंत जयरामपुर थाने को सूचित किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने आरती के शव को एक बोरे में बंद किया और गांव के समीप स्थित नोनिया नदी के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस की कड़ाई के बाद ससुर ने पानी से निकाला बोरा
मामले की सूचना पर जयरामपुर थानाध्यक्ष लाली कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतका के पति मोनू कुमार, ससुर विष्णु राम और देवर को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ससुर को मौके पर ले गई और उसी से नदी के पानी से बोरे में बंद शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सास और तीन बच्चे लापता, फांसी की सजा की मांग
थानाध्यक्ष लाली कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद से मृतका की सास और उसके तीन छोटे बच्चे लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इस घटना से मायके पक्ष और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा देने की मांग की है।
उमेश की रिपोर्ट