Bihar Crime : शेखपुरा में पेट्रोल पंप पर कर्मचारी से मारपीट कर बदमाशों ने लूटा 2 लाख रूपये, साक्ष्य मिटाने के लिए तोड़ा CCTV और DVR
Bihar Crime : शेखपुरा में बेखौफ अपराधियों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोलकर एक कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद करीब ₹2 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
SHEKHPURA : जिले के बरबीघा-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर माउर गांव के समीप स्थित चंदेश्वर एंड संस फिलिंग स्टेशन में शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोलकर एक कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की और करीब ₹2 लाख नकद लूट लिए. हमलावरों ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, मॉनिटर समेत अन्य उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
पंप संचालक के अनुसार तोड़फोड़ से करीब ₹10 लाख का नुकसान हुआ है.घटना को लेकर पेट्रोल पंप संचालक पंकज कुमार उर्फ पप्पू सिंह ने बरबीघा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन में बताया गया है कि शुक्रवार रात दो वाहनों पर सवार होकर करीब 10 लोग पेट्रोल पंप पर पहुंचे.इनमें से तीन से अधिक लोग हथियार लेकर परिसर में घुस गए और सीएनजी सेक्शन में कार्यरत कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए कैश काउंटर से ₹2 लाख से अधिक की राशि लूट ली.
आरोप है कि हमलावरों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, मॉनिटर सहित अन्य उपकरणों को भी तोड़ दिया. घटना के बाद मामले की जांच करने के लिए एएसपी डॉक्टर राकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्सा नहीं जाएगा.प्राथमिकी में प्रवीण कुमार (ग्राम बढ़िया, थाना सरमेरा, वर्तमान पता शिवपुरी मोहल्ला), विपुल कुमार (ग्राम कुटौत, थाना बरबीघा) तथा ऋतुराज (ग्राम कुसेढ़ी, थाना बरबीघा) सहित अन्य लोगों को नामजद किया गया है.
संचालक ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की भी मांग की है.इधर, बरबीघा थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर गौरव कुमार ने बताया कि लूटपाट की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है.जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
उमेश की रिपोर्ट