टायरों की आड़ में शराब तस्करी का पर्दाफाश: शेखपुरा में 17 लाख की विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
बिहार में टायरों की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा पर्दाफाश! शेखपुरा के मिशन थाना क्षेत्र से करीब ₹17 लाख मूल्य की 85 कार्टन विदेशी शराब जब्त। पुराने टायरों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप। धनबाद का चालक गिरफ्तार, बेगूसराय में होनी थी डिलीवरी
नालंदा और शेखपुरा जिले की सीमा पर स्थित मिशन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। शराब माफिया पुराने टायरों के नीचे शातिराना तरीके से शराब की बोतलों को छिपाकर पिकअप वैन से ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से अंतरराज्यीय शराब तस्कर (चालक) को धर दबोचा, जबकि उसका एक सहयोगी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पटना पुलिस मुख्यालय के इनपुट पर मिशन पुलिस का एक्शन
मिशन थानाध्यक्ष आदित्य रंजन ने बताया कि उत्पाद विभाग और पुलिस मुख्यालय, पटना से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि टायरों से लदी एक पिकअप वैन बिहारशरीफ के रास्ते शेखपुरा की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और थाना क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध पिकअप वैन के पहुंचते ही जब गहनता से टायरों को हटाकर देखा गया, तो नीचे करीने से छिपाकर रखी गई 85 कार्टन में कुल 799.52 लीटर 'ओल्ड हैबिट' ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई।
धनबाद का तस्कर गिरफ्तार, बेगूसराय में थी डिलीवरी की तैयारी
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के धनबाद निवासी दिलीप कुमार (पिता- राजगीर बरनवाल) के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि इस खेप की डिलीवरी बेगूसराय जिले में की जानी थी। पुलिस ने प्रयुक्त पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया है। फरार अभियुक्त की धरपकड़ और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना की पहचान के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
बोतल पर न बैच नंबर, न एक्सपायरी; नकली शराब की आशंका
जांच प्रक्रिया के दौरान बरामद विदेशी शराब के नकली होने की भी प्रबल आशंका जताई जा रही है। जब्त बोतलों की प्राथमिक पड़ताल में उन पर बैच नंबर और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं पाई गई है, जिससे यह अंदेशा गहरा गया है कि यह कोई जहरीला या घटिया किस्म का अवैध मिश्रण हो सकता है। पुलिस ने सैंपल को फॉरेंसिक जांच और रासायनिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शराब तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
मिशन थाना पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारी गिरफ्तार तस्कर से कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं ताकि शराब के निर्माण स्थल, सप्लाई चेन और स्थानीय वितरकों के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गोरखधंधे में शामिल अन्य शराब माफियाओं को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
शेखपुरा से उमेश की रिपोर्ट