जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर रोपा धान, सांसद और विधायक का पुतला फूंक सड़क जाम

जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर रोपा धान- फोटो : उमेश

Shekhpura : जिले के शेखोपुरसराय-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर स्थित भदेली गांव के समीप जलजमाव की समस्या से आक्रोषित ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से जर्जर सड़क और पानी जमा होने का दंश झेल रहे ग्रामीणों ने भदेली चौक के पास जमा पानी के बीच धान की रोपनी कर प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी जताई। ग्रामीणों के इस अनोखे प्रदर्शन और विरोध के कारण सड़क पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।


जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आक्रोश, सांसद-विधायक का पुतला दहन 

विरोध प्रदर्शन के दौरान उग्र ग्रामीणों ने क्षेत्रीय सांसद विवेक ठाकुर और बरबीघा विधायक का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या के प्रति जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों ने पूरी तरह अनदेखी की है। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बांस-बल्ली लगाकर लगभग तीन घंटे तक यातायात बाधित रखा और जमकर नारेबाजी की।


डीएम की यात्रा और अधिवक्ता के घायल होने के बाद भी अनदेखी 

ग्रामीण प्रवीण यादव ने बताया कि इस मार्ग से जिलाधिकारी की गाड़ियां अक्सर गुजरती हैं और उन्होंने पूर्व में इस सड़क पर साइकिल यात्रा भी की थी। इसके अलावा, शेखोपुरसराय के अधिवक्ता शंकर प्रियदर्शी सड़क के गड्ढे में गिरकर घायल हो गए थे, जिससे उनका पैर टूट गया था। इस घटना के बाद जिलाधिकारी को आवेदन देकर सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


जर्जर सड़क व गड्ढों के कारण रोजाना हादसे 

ग्रामीणों के अनुसार इस प्रमुख सड़क से प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीरों और वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भरा रहने के कारण आए दिन बाइक सवार और अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस जर्जर सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए और जलजमाव का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को हादसों से मुक्ति मिल सके।


पथ निर्माण विभाग के आश्वासन के बाद खुला सड़क जाम 

तीन घंटे तक चले भीषण सड़क जाम की सूचना मिलते ही पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जलजमाव की समस्या के शीघ्र और स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यपालक सहायक अभियंता के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर वाहनों का परिचालन दोबारा बहाल हो सका।


उमेश की रिपोर्ट