Bihar News : सिवान में महावीरी अखाड़ा जुलूस में DJ और आर्केस्ट्रा पर बैन की अनदेखी, कई थानों में दर्ज हुई FIR

Bihar News : बिहार के सीवान में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है.......पढ़िए आगे

कई थानों FIR दर्ज - फोटो : TABISH

SIWAN : बिहार के सीवान में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। 5 और 6 सितंबर को आयोजित जुलूस के दौरान मनाही के बावजूद तेज आवाज में डीजे और आर्केस्ट्रा बजाने के आरोप में नगर थाना, सराय थाना और महादेवा थाना क्षेत्रों में नामजद एवं दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नगर थाना क्षेत्र में अखाड़ा नंबर-01 और 04 के जुलूस के दौरान न केवल प्रतिबंधित डीजे तेज आवाज में बजाया जा रहा था, बल्कि खतरनाक तरीके से लाठियां भी भांजी जा रही थीं। पुलिस अधिकारियों द्वारा बार-बार समझाने और डीजे बंद करने के निर्देश को भी आयोजकों ने अनसुना कर दिया। इसी दौरान उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को धक्का देकर जुलूस के बीच गिरा दिया, जिसे साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सुरक्षित निकाला। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या-840/26 दर्ज किया गया है।

नियमों के उल्लंघन का यह सिलसिला शहर के अन्य इलाकों में भी देखा गया। सराय थाना क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद डीजे और आर्केस्ट्रा के संचालन को लेकर कांड संख्या-252/26 और 253/26 दर्ज किए गए हैं। वहीं महादेवा थाना क्षेत्र के पकड़ी बंगाली, हकाम और बिन्दुसार बुजुर्ग पूरब टोला में तीन अखाड़ों द्वारा डीजे बजाने पर कड़ी कार्रवाई हुई है। महादेवा थाना में तीन आयोजकों, तीन डीजे संचालकों और करीब 30-35 अज्ञात लोगों पर कांड संख्या-163/26 के तहत मामला दर्ज हुआ है।

प्रशासन ने पहले ही जुलूस के लाइसेंसधारियों और आयोजकों को डीजे पर रोक सहित शांति बनाए रखने के कड़े दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी किए जाने पर पुलिस और जिला प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार के आदेशों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए उपद्रवियों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

ताबिश इरशाद की रिपोर्ट