Bihar Bandh: NEET विवाद पर बिहार बंद का असर, सीवान में सड़क पर उतरे छात्र, कॉकरोच बनकर प्रदर्शन, कई जिलों में पुलिस के पहरे के बीच प्रदर्शन, यातायात प्रभावित
बंद के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छात्र और समर्थक सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ...
Bihar Bandh: NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद का असर अब कई जिलों में दिखाई देने लगा है। छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के आह्वान पर आयोजित इस बंद को विपक्षी दलों का भी समर्थन मिला है। राजद, वीआईपी, भाकपा माले और माकपा समेत कई राजनीतिक दलों ने बंद का समर्थन किया है।
बंद के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छात्र और समर्थक सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बीच कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
सीवान में बिहार बंद का खासा असर देखने को मिला। NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शनकारी छात्र सड़क पर उतर आए और जेपी चौक को जाम कर दिया। छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सीवान में एक छात्र अनोखे अंदाज में नजर आया। वह कॉकरोच के गेटअप में सड़क पर पहुंचा और अपने तरीके से विरोध दर्ज कराया। छात्र के इस प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, प्रदर्शन खत्म कराने को लेकर प्रदर्शनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहस भी हुई।
मधेपुरा में भी बंद समर्थकों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
जहानाबाद और पटना में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
गया जी मे छात्र संगठनों द्वारा आहूत बिहार बंद का असर शनिवार को गया शहर और जिले के विभिन्न हिस्सों में देखने को मिला। बंद को लेकर सुबह से ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में रहा। प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था, कथित पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। कई स्थानों पर जुलूस निकाले गए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी।बंद के कारण कुछ बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आंशिक असर देखने को मिला, जबकि आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की।राज्यव्यापी बिहार बंद का आह्वान छात्र संगठन आइसा और आरवाईए ने छात्र आंदोलन और हालिया घटनाओं के विरोध में किया है।
वही देशभर में NEET परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के आर मे असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव मचाने पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई जगह प्रशासन को बल प्रयोग भी करना पड़ा है, जिसको लेकर भी लोग प्रशासन के तरीके पर सवाल उठाया हैं, इस बीच कटिहार से प्रशासन के द्वारा युवाओं से संवाद करने का एक अनोखा तस्वीर सामने आया है जहां डीएम और एसपी क्रिकेट के मैदान मे उतरकर युवाओं के साथ संवाद करते हुए बेवजह बवाल करने वालों का मोहरा नहीं बनने का अपील किया, डीएम आशुतोष द्विवेदी ने क्रिकेट के पिच पर गेंद को बाउंड्री पार भेजने के साथ-साथ एक शायरी के माध्यम से युवाओं को अपने भविष्य सुरक्षित करने के लिए मंजिल से नहीं भटकने का सलाह दिया, वहीं एसपी परिचय कुमार ने कहा कि जो भी असामाजिक तत्व के लोग छात्रों के भीड़ का सहारा लेकर अराजकता फैलाया है प्रशासन उन लोगों से कराई से निपटा रहा है लेकिन अगर किसी को कोई बात रखना है तो उसका भी उचित माध्यम से स्वागत है, बताते चले 23 जुलाई को NEET प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर कटिहार में छात्र के प्रदर्शन के आर में कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर बवाल काटते हुए समहारणालय के मुख्य द्वार को तोड़ने की कोशिश के साथ-साथ पथराव किया था, जिसके बाद पुलिस को भी भीड़ को खरीदने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा था और अब हालात को नियंत्रित करने के बाद प्रशासन के दोनों वरीय अधिकारी खेल के मैदान तक पहुंच कर युवाओं के साथ सीधा संवाद कर ऐसे असामाजिक तत्वों के मोहरा बनने से बचने की अपील कर रहे हैं।
छात्र आंदोलन के तहत बिहार बंद के आह्वान को लेकर वैशाली पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है जिसको लेकर चप्पे चप्पे पर पुलिस बल को तैनात किया गया है।साथ ही वैशाली डीएम और एसपी ने भी लोगो से शांतिपूर्वक आंदोलन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।सुबह से ही शहर के विभिन्न चौक चौराहों के साथ एनएच पर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।जिले के आला अधिकारी जहाँ हर गतिविधि पर नजर रख रहे है वहीं एसडीपीओ और एसडीएम सड़क पर मुस्तैद है।पुलिस बल के साथ साथ दंगा नियंत्रण वाहन के साथ किसी भी अप्रिय घटना से निटपने के लिए तैयार है।एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार के नेतृत्व में शहर के अलग अलग इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है।हालांकि अभी तक स्थिति बिल्कुल सामान्य है और मुख्य सड़कों पर भी वाहनों का परिचालन सुचारू रूप से चल रहा है।
गयाजी में छात्र प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए अपील किया है। जिला प्रशासन ने बकायदा पोस्टर जारी करते हुए आमजनों को सूचना दी है कि हिंसा और उपद्रव से दूर रहें ताकि छात्रों और अभिभावकों पर प्रतिकूल असर न पड़े।
प्रशासन ने साफ किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन सड़क जाम, तोड़फोड़ या आम लोगों को परेशानी पहुंचाने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिहार बंद के बीच पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
कटिहार से श्याम कुमार, गयाजी से प्रेमशंकर, मनोज कुमार, पटना से अनिल, वैशाली से ऋषभ के साथ ब्यूरो रिपोर्ट