प्रेमिका के भाई की हत्या के लिए AI का खतरनाक इस्तेमाल,मर्डर का ऑडियो भी किया रिकॉर्ड! इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार

सिवान में एक इंजीनियरिंग छात्र ने अपनी प्रेमिका के भाई को रास्ते से हटाने के लिए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से मर्डर की प्लानिंग सीखी। बेरहमी से हत्या करने के बाद प्रेमिका को सुनाने के लिए ऑडियो भी रिकॉर्ड किया। पुलिस ने आरोपी को दबोचा

इंजीनियरिंग छात्र ने प्रेमिका के भाई की हत्या के लिए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का किया इस्तेमाल- फोटो : news 4 nation AI

बिहार के सिवान जिले से आधुनिक तकनीक के दुरुपयोग का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। एक इंजीनियरिंग छात्र ने अपनी प्रेमिका के भाई की हत्या करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया। आरोपी ने न सिर्फ AI के जरिए हत्या की पूरी प्लानिंग की, बल्कि वारदात को अंजाम देने के तरीके भी इंटरनेट और AI टूल्स की मदद से सीखे। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


प्रेम प्रसंग का विरोध और AI का सहारा

गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज आलम इंजीनियरिंग का छात्र है। उसका गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका लड़की का भाई लगातार विरोध कर रहा था। रास्ते से हटाने के लिए शाहनवाज ने हत्या की साजिश रची। इस साजिश को पुख्ता बनाने के लिए उसने AI टूल्स का सहारा लिया, जहां उसने हत्या के अलग-अलग तरीकों और पकड़े न जाने के उपायों के बारे में जानकारियां जुटाईं।


दम घोंटकर हत्या और सनकी ऑडियो रिकॉर्डिंग

साजिश के मुताबिक, आरोपी ने पीड़ित को घायल करने के बाद उसके मुंह में मिट्टी भर दी, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि आरोपी ने पूरी घटना की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी की। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह यह रिकॉर्डिंग अपनी प्रेमिका को सुनाकर यह जताना चाहता था कि उसने उसके भाई को कैसे मारा।


मिट्टी से सने कपड़ों ने खोला राज

हत्या को अंजाम देकर भाग रहे शाहनवाज और उसके नाबालिग भाई पर गश्त कर रही पुलिस की नजर पड़ी। दोनों के कपड़ों पर मिट्टी लगी हुई थी और वे पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे। शक के आधार पर जब पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो इस रोंगटे खड़े कर देने वाले अपराध का खुलासा हो गया। पुलिस अब उस मोबाइल फोन और AI प्लेटफॉर्म्स की गहराई से जांच कर रही है, जिनका इस्तेमाल इस वारदात में किया गया था।