Bihar News: सीवान में अपराधियों का तांडव, पत्रकार को बीच सड़क पर मारी गोली, हालत गंभीर
Bihar News: बिहार के सीवान में अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। अपराधियों ने बीच सड़क पर पत्रकार को गोली मार दी। पत्रकार का इलाज फिलहाल पटना में चल रहा है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रहे हैं। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सीवान का है। जहां बेखौफ अपराधियों ने पत्रकार को बीच सड़क पर गोली मार दी है। जानकारी अनुसार मामला सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र का है। जहां गुरुवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक पत्रकार को गोली मारकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी।
रिपोर्टर पर जानलेवा हमला
बताया जा रहा है कि एक बड़े अखबार के प्रखंड रिपोर्टर रमेश कुमार सिंह पर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात करीब 9:30 बजे रमेश कुमार सिंह एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वे पहले सीवान शहर में कार्यक्रम में शामिल हुए और फिर भवानी मोड़ स्थित अपनी दुकान से बाइक लेकर गांव जसौली खरग के लिए निकले। पचरुखी थाना क्षेत्र की बंद पड़ी चीनी मिल के समीप दो बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर अचानक गोली चला दी।
बीच सड़क पर मारी गोली
गोली लगते ही पत्रकार सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल सीवान पहुंचाया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल पत्रकार ने अस्पताल में बताया कि हमला अचानक हुआ और वे हमलावरों को पहचान नहीं सके। हालांकि उन्होंने वर्ष 2022 की एक पुरानी रंजिश का जिक्र करते हुए आशंका जताई कि गांव के एक व्यक्ति ने जेल से उनकी हत्या की सुपारी दी थी।
बख्शा नहीं जाएगा दोषी
बताया जा रहा है कि वह आरोपी फिलहाल जेल से बाहर है और विदेश में रह रहा है। पत्रकार ने संदेह जताया कि उसी ने अपने भाई के जरिए इस हमले की साजिश रची हो सकती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा अस्पताल पहुंचे और घायल से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद वे घटनास्थल पर भी पहुंचे। एफएसएल टीम ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। एसपी ने कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीवान से ताबिश की रिपोर्ट