Bihar News: सीवान में दुर्गापूजा के मंच पर बड़ा हादसा, आग वाला डिब्बा फटने से 6 घायल, जान बचा कर भागने लगे लोग

Bihar News: सीवान जिले में दुर्गापूजा कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ...

दुर्गापूजा के मंच पर बड़ा हादसा- फोटो : X

Bihar News: सीवान जिले में दुर्गापूजा कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में नाटक के मंचन के दौरान आग वाला डिब्बा अचानक फट गया। धमाके के साथ ही मंच पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूजा समारोह में मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल कायम हो गया। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नाटक के मंचन के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर गांव में दुर्गापूजा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान नाटक के मंचन में आग वाले डिब्बे का इस्तेमाल किया जा रहा था। तभी अचानक डिब्बा फट गया। धमाके की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और घायलों की मदद के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

छह लोग घायल, दो की हालत नाजुक

इस हादसे में करीब छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, घायलों के नाम, उनकी उम्र और चोटों की प्रकृति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

दुर्गापूजा समारोह में हादसे से मची खलबली

दुर्गापूजा के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में हादसे के बाद लोगों के बीच चिंता और बेचैनी का माहौल बन गया। धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नाटक में इस्तेमाल किए जा रहे आग वाले डिब्बे में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

हादसे के कारणों और आग वाले डिब्बे के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। घटना के बाद गांव में इस हादसे को लेकर चर्चा का माहौल है।