चंदा न देने पर ई-रिक्शा चालक से बर्बरता, पीड़ित ने गड्ढे के पानी में चेहरा डुबोकर मारने के प्रयास का लगाया आरोप

चंदा न देने पर ई-रिक्शा चालक से बर्बरता- फोटो : ताबिश इरशाद

Siwan : जिले के भटवलिया गांव के यादव टोला के समीप महावीरी झंडा जुलूस के नाम पर जबरन चंदा वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने सड़क पर बैरियर लगाकर गाड़ियों को रोकना शुरू कर दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक ने तत्काल पैसे न होने और बाद में चंदा देने की बात कही, जिस पर भड़के युवकों ने गाड़ी रोक ली और विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।


पानी से भरे गड्ढे में चेहरा डुबोकर जान से मारने की कोशिश का आरोप 

पीड़ित चालक ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान दबंगों ने उसे पकड़ लिया और सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में ले जाकर उसका चेहरा पानी में डुबो दिया। जब उसका सांस घुटने लगा, तो किसी तरह खुद को छुड़ाकर वह वहां से भागा और डायल-112 पुलिस तथा परिजनों को घटना की सूचना दी। इस दौरान मनचलों ने एक अन्य ई-रिक्शा चालक के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की और खराब ई-रिक्शा को खींचकर ले जाने का प्रयास किया।


आक्रोशित ग्रामीणों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग पर किया चक्का जाम 

चालकों के साथ हुई मारपीट और प्रताड़ना की खबर फैलते ही पीड़ित के परिजन और स्थानीय ग्रामीण भटवलिया में इकट्ठा हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम रहने से दोनों ओर गाड़ियों की कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर खाली कराया मार्ग 

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस की गश्ती टीम और डायल-112 की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया। पुलिस ने पीड़ित ई-रिक्शा चालक का लिखित आवेदन स्वीकार कर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


थानाध्यक्ष का बयान: लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी 

मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पीड़ित चालक की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है और घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जबरन चंदा वसूलने और सड़क बाधित करने वालों के खिलाफ जांच के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ताबिश इरशाद की रिपोर्ट