Bihar News: बिहार में बच्चों की थाली से अनाज गायब! पीएम पोषण योजना का पैसा 'डकार' गए हेडमास्टर, अब नपेंगे 200 गुरुजी

Bihar News:

Bihar News: बिहार में बच्चों की थाली से अनाज गायब करने वाले करीब 200 हेडमास्टरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग ने इन हेडमास्टरों से स्पष्टीकरण मांगा है। मामला सीवान जिले का है। जहां स्कूली छात्रों के हक के अनाज में भारी गड़बड़ी सामने आई है। जांच में पाया गया कि कई स्कूलों ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज वास्तविक छात्र संख्या से अधिक नामांकन ‘प्रपत्र क’ में दिखाया है। 

दो दिन में मांगा गया जवाब

विभाग का मानना है कि छात्र संख्या बढ़ाकर दिखाने के पीछे खाद्यान्न और सरकारी फंड के दुरुपयोग की मंशा हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) ने सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है। निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को भी निर्देश

इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रखंड साधन सेवियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे एमआईएस और ई-शिक्षाकोष के आंकड़ों का शत-प्रतिशत मिलान सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में केवल पोर्टल पर दर्ज डेटा के आधार पर ही योजना का संचालन किया जाएगा। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और शिक्षा विभाग गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।