Bihar News : कचरे से खाद, QR कोड से कमाई... बिहार की खलवा पंचायत ने पेश की स्वच्छता की अनूठी मिसाल

Bihar News : सिवान जिले के नौतन प्रखंड की खलवा ग्राम पंचायत ने स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में पूरे बिहार में एक अनूठी मिसाल कायम की है।

पंचायत ने पेश की मिसाल - फोटो : SOCIAL MEDIA

SIWAN : सिवान के नौतन प्रखंड की खलवा ग्राम पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे राज्य में एक अनूठी मिसाल कायम की है। नियमित स्वच्छता सेवाओं, स्थानीय स्तर पर रखरखाव और स्वच्छता कर्मियों के सम्मान को अपनी कार्यशैली का आधार बनाकर इस पंचायत ने ओडीएफ प्लस के लक्ष्यों को जमीनी स्तर पर बेहद मजबूती से साकार किया है। यहां की व्यवस्था न केवल साफ-सफाई तक सीमित है। बल्कि, यह आत्मनिर्भरता और सामुदायिक सहभागिता का बेहतरीन मॉडल बन चुकी है।

नाडेप विधि से बेहतरीन जैविक खाद

सिवान के खलवा पंचायत में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत निर्मित वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (डब्ल्यूपीयू) अपनी अनूठी बनावट और कार्यप्रणाली से सबको आकर्षित कर रहा है। यहां घरों से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण कर नाडेप विधि से बेहतरीन जैविक खाद तैयार की जा रही है। इस इकाई के सामने एक खूबसूरत बगीचा विकसित किया गया है, जो रंग-बिरंगे फूलों और पौधों से सजा है और यह लोगों को किसी पार्क जैसा अहसास दिलाता है। मुखिया अमित सिंह के अनुसार, पंचायत में तैयार जैविक खाद की बिक्री के लिए एक स्थानीय नर्सरी संचालक के साथ समझौता किया है, जिससे खाद की खपत स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित हो रही है।

एक ही छत के नीचे सभी सामग्री

खलवा में स्वच्छता संबंधी मॉडल की सबसे बड़ी खासियत डब्ल्यूपीयू परिसर में बना स्वच्छता क्लिनिक है, जहां लोगों के घरों में बने शौचालय की छोटी-मोटी खराबी को ठीक करने के लिए शौचालय सीट, पाइप, दरवाजे, सीमेंट, ईंट और छड़ जैसी सभी आवश्यक निर्माण सामग्रियां किफायती दरों पर एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाती हैं। कचरा उठाने वाले ठेला-रिक्शा, ट्राइसाइकिल और ई-रिक्शा के खराब होने पर सेवा बाधित न हो, इसके लिए परिसर में ही पंचर किट, उपकरण और मिस्त्री की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

अतिरिक्त आमदनी

पंचायत के मुखिया सिंह के अनुसार, स्वच्छता कर्मियों को कचरा वाहनों की मरम्मत और सर्विसिंग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे आसपास की अन्य पंचायतों के वाहनों की भी मरम्मत कर अतिरिक्त आमदनी कर रहे हैं। दूसरी ओर, वित्तीय पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता के लिए इस पंचायत ने डिजिटल कदम उठाते हुए क्यूआर कोड आधारित यूजर चार्ज व्यवस्था लागू किया है। स्वच्छता कर्मियों के पहचान-पत्र और वाहनों पर क्यूआर कोड चस्पा है, जिससे लोग सीधे पंचायत के खाते में राशि जमा करते हैं। मुखिया बताते हैं कि इस मद में अब तक करीब चार लाख रुपये जमा हो चुके हैं, जिनका उपयोग पंचायत के रखरखाव में किया जा रहा है। इसके अलावा शादी-विवाह जैसे आयोजनों में विशेष सफाई सेवा के एवज में मिलने वाली राशि का आधा हिस्सा पंचायत कोष में और आधा सीधे संबंधित स्वच्छता कर्मियों को दिया जा रहा है।

मंत्री का बयान...

ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा की सिवान की खलवा ग्राम पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो मॉडल प्रस्तुत किया है, वह पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है। हमारे सर्वमान्य नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है और यह अत्यंत सराहनीय पहल है। सरकार अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तर्ज पर सुदृढ़ व्यवस्था विकसित करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है, ताकि हमारा ग्रामीण परिवेश और अधिक स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर बन सके।