Bihar News : सिवान सदर अस्पताल में बिजली गुल होते ही लिफ्ट बनी मुसीबत, एक घंटे तक फंसी रहीं दो महिलाएं

Bihar News : सिवान के मॉडल सदर अस्पताल में रविवार की सुबह जैसे ही अस्पताल की बिजली कटी, लिफ्ट अचानक पहली और दूसरी मंजिल के बीच में ही बंद हो गई। इसके बाद......पढ़िए आगे

लिफ्ट में फंसी महिलाएं - फोटो : TABISH

SIWAN : सिवान के मॉडल सदर अस्पताल में रविवार सुबह बिजली कटते ही उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जीविका की दो महिला कर्मी लिफ्ट के अंदर फंस गईं। लिफ्ट पहली और दूसरी मंजिल के बीच जाकर अचानक रुक गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का पावर बैकअप काम नहीं कर रहा था। दोनों महिलाएं करीब एक घंटे तक लिफ्ट के अंदर फंसी रहीं। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण वे बाहर किसी से संपर्क भी नहीं कर सकीं।

करीब दस मिनट बाद अस्पताल की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन लिफ्ट इसके बावजूद चालू नहीं हुई। इसके बाद दोनों महिलाओं ने लिफ्ट के अंदर से शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर सफाईकर्मियों को घटना की जानकारी हुई और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई।

काफी प्रयास के बाद बगल में निर्माणाधीन एमसीएच भवन के निर्माण कार्य में लगे एक कर्मचारी ने चाबी की मदद से लिफ्ट का गेट खोला, जिसके बाद दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

गौर करने वाली बात यह है कि घटना से ठीक एक दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में भी अस्पताल की लिफ्ट का मुद्दा उठाया गया था। इसके बावजूद अगले ही दिन लिफ्ट में दो महिलाओं के फंसने की घटना ने अस्पताल में लिफ्ट के रखरखाव, पावर बैकअप और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट