सीवान को सीएम सम्राट आज देंगे 415 करोड़ की योजनाओं का तोहफा, मंगल पांडेय ने बताया ऐतिहासिक स्वर्णिम पल
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा शुरू किए गए सहयोग शिविर के तहत सिवान में उनके कार्यक्रम में आज जिले को बड़ी सौगात मिलने वाली है।
Bihar News। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह सिवान सदर विधायक मंगल पांडेय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को सिवान जिले के पचरुखी प्रखंड के पपौर पंचायत में आयोजित ’’सहयोग शिविर - सबका सम्मान, जीवन आसान’’ कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा, इस ऐतिहासिक अवसर पर सीएम द्वारा सिवान के विकास के लिए कुल 415.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जा रहा है। इसमें 178.38 करोड़ की 18 योजनाओं का शिलान्यास और 236.80 करोड़ की 26 योजनाओं का शुभारंभ शामिल है। यह दिन सिवान के लिए स्वर्णिम पल है। यह पहल पीएम नरेंद्र मोदी व पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विकास की सोच का प्रतीक है।
पांडेय ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा 415 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण सिवान सदर की तस्वीर बदल देगा। ’’सहयोग शिविर’’ के माध्यम से 20 विभागों के स्टॉल लगाकर जन समस्याओं का त्वरित समाधान करने की पहल सराहनीय है। यह शिविर ’’सबका सम्मान, जीवन आसान’’ के संकल्प को धरातल पर उतार रहा है।
उन्होंने कहा, सिवान के इस समग्र विकास के लिए मैं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। डबल इंजन सरकार के कारण ही बिहार को विकास की ऐसी योजनाएं मिल रही हैं। साथ ही बिहार के कर्मठ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई, जिनके नेतृत्व में विकास की गति निरंतर तेज हो रही है।
पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार की भी प्रशंसा करते हुए कहा, नीतीश कुमार द्वारा रखी गई विकास की नींव और सुशासन का मॉडल आज भी बिहार की तरक्की का मार्गदर्शक है। उनके विजन को आगे बढ़ाते हुए डबल इंजन सरकार बिहार को नए आयाम दे रही है।
पांडेय ने सिवान वासियों से अपील की है कि वे इस सहयोग शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त एनडीए सरकार ने सिवान की जनता से जो विकास के वादे किए थे। उसे एक- एक कर पूर्ण किए जा रहे हैं। यही डबल इंजन सरकार की खासियत है।