फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे 2026: देश के “श्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026” की सूची में सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव को मिला 5वां स्थान, छठें स्थान पर रहे सिवान के डीएम विवेक रंजन मैत्रेय

सारण और सिवान के डीएम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिन्हें फेम इंडिया मैगजीन एवं एशिया पोस्ट द्वारा जारी “श्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026” सर्वेक्षण में देश के सबसे स्थान प्राप्त किया है......पढ़िए आगे

डीएम की बड़ी उपलब्धि - फोटो : SOCIAL MEDIA

SIWAN : बिहार के प्रशासनिक गलियारे के लिए यह एक बेहद गौरवशाली पल है। फेम इंडिया मैगजीन एवं एशिया पोस्ट द्वारा संयुक्त रूप से जारी “श्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026” के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बिहार के दो युवा और तेजतर्रार अधिकारियों ने देश के सबसे प्रभावशाली जिलाधिकारियों की सूची में अपनी जगह बनाई है। इस प्रतिष्ठित सूची में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और सिवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को शीर्ष पदों पर शामिल किया गया है, जो राज्य की प्रशासनिक दक्षता का लोहा पूरे देश में मनवाता है।

राष्ट्रीय स्तर पर जारी इस कड़े और प्रतिष्ठित सर्वे में सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव ने पूरे देश में पाँचवाँ स्थान हासिल किया है, जबकि उनके पड़ोसी जिले सिवान के डीएम विवेक रंजन मैत्रेय को देश भर में छठा स्थान प्राप्त हुआ है। यह बड़ी उपलब्धि दोनों ही अधिकारियों की उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, अनूठी कार्यशैली और आम जनता व जनसेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को साफ तौर पर दर्शाती है।

सारण जिले की कमान संभाल रहे वैभव श्रीवास्तव ने अपने कार्यकाल के दौरान विकास योजनाओं को जमीनी स्तर पर गति देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने जिले में भ्रष्टाचार पर कड़ा नियंत्रण लगाने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित व समयबद्ध समाधान के जरिए प्रशासनिक व्यवस्था को एक पूरी तरह से नई दिशा दी है। जिले में उनकी सक्रियता और प्रभावी जनसुनवाई व्यवस्था की लगातार सराहना होती रही है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक "देशभर के हजारों कलेक्टर्स के बीच काम, ईमानदारी और नेतृत्व क्षमता के कड़े पैमानों पर परखने के बाद इन दोनों अधिकारियों को शीर्ष सूची में स्थान मिला है।"

वहीं दूसरी ओर, सिवान जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिले के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने अपनी जमीनी समझ, त्वरित निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता और सीधे जनहित से जुड़े कार्यों के जरिए अपनी एक अलग और बेमिसाल प्रशासनिक पहचान बनाई है। उनकी इसी पारदर्शी कार्यशैली ने सिवान के आम लोगों के बीच जिला प्रशासन और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास को और ज्यादा मजबूत करने का काम किया है।

देशभर के हजारों जिलाधिकारियों के बीच बिहार के इन दोनों अधिकारियों का राष्ट्रीय स्तर पर चमटना उनकी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और प्रभावशाली प्रशासनिक नेतृत्व का ही सीधा परिणाम माना जा रहा है। इस गौरवपूर्ण राष्ट्रीय रैंकिंग की खबर सामने आने के बाद से ही सारण और सिवान, दोनों जिलों के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अमले में खुशी की लहर है और लोग सोशल मीडिया के जरिए दोनों डीएम को बधाई दे रहे हैं।

ताबिश की रिपोर्ट