Bihar News : सिवान AK-47 फायरिंग मामला: पीड़िता-युवकों से मिले राहुल गांधी, घटना को मिला नया राजनीतिक मोड़

Bihar News : सिवान में 25 जुलाई को पुलिस द्वारा AK-47 से हुई फायरिंग मामले में जख्मी हुए युवकों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देर शाम मुलाकात की.....पढ़िए आगे

पीड़ितों से मिले राहुल गाँधी - फोटो : TABISH

SIWAN : 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान में हुए छात्र प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई के दौरान AK-47 से फायरिंग का मामला एक बार फिर चर्चा में है। घटना में घायल हुए युवकों की राहुल गांधी से मुलाकात हो चुकी है। देर शाम को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घायलों मोहम्मद आरिफ, बुलेट कुमार और एक तीसरे बच्चे से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने तीनों से विस्तार से बात की। उनके साथ पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के करीबी नेता प्रेमचंद सिंह भी मौजूद रहे।

दरअसल 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान के गांधी मैदान से छात्र और युवा संगठनों के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए जेपी चौक की ओर बढ़े थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बनी। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में AK-47 दिखाई देने और उससे फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

घटना के बाद मोहम्मद आरिफ, बुलेट कुमार और आकाश कुमार गोली लगने से घायल हुए थे। तीनों को शुरुआती इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया था। रिपोर्टों के अनुसार आरिफ को गर्दन के पास और बुलेट कुमार को पैर में गोली लगी थी।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार को निलंबित कर दिया गया और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। इस मुलाकात को सिवान के AK-47 फायरिंग मामले में राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राहुल गांधी की इस यात्रा से मामले को नया राजनीतिक आयाम मिल गया है।

ताबिश की रिपोर्ट