Bihar News: अपराधियों पर दबिश देकर लौट रही पुलिस की स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, सीवान के रहने वाले दरोगा की मौत, महिला एसआई समेत 5 घायल
Bihar News: पुलिस की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर चढ़ी और फिर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया।
Bihar News: सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। गोरखपुर पुलिस की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर चढ़ी और फिर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। इस खौफनाक हादसे में दरोगा संतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि महिला दरोगा और सीनियर एसआई समेत पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।हादसे में जान गंवाने वाले दरोगा संतोष कुमार मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के सहसरांव गांव के रहने वाले थे। उनकी तैनाती गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में थी। इलाज के लिए घायलों को गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उपचार के दौरान संतोष कुमार ने दम तोड़ दिया।
हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी इलाके में हुआ। पुलिस टीम कुशीनगर के खड्डा क्षेत्र में जालसाजी के एक मामले में दबिश देकर गोरखपुर लौट रही थी। टीम में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, दरोगा संतोष कुमार, दरोगा गीता, चालक समेत कुल छह पुलिसकर्मी सवार थे।
शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि हाईवे पर चालक को झपकी आ गई, जिससे स्कॉर्पियो बेकाबू होकर डिवाइडर पार करती हुई पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने दौड़कर गाड़ी का दरवाजा तोड़ा और घायलों को बाहर निकाला।
एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और दरोगा गीता की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि चालक खतरे से बाहर है। दो अन्य पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले दरोगा संतोष कुमार मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के सहसरांव गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस के आला अफसर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना। सिवान में संतोष कुमार के घर मातम पसरा है, परिजन गोरखपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।
दबिश से लौट रही खाकी टीम पर टूटा यह कहर कई सवाल छोड़ गया क्या लंबी ड्यूटी और थकान ने एक और जान ले ली? जांच जारी है, मगर महकमे में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।