Siwan Fisheries: सीवान में मत्स्य पालन को मिलेगा नया बूस्ट! DM ने तालाब, हैचरी और फीड मिल का किया निरीक्षण
Siwan Fisheries: सीवान के डीएम ने भगवानपुर हाट में मत्स्य तालाब, हैचरी, फीड मिल और कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। नई हैचरी, फीड मिल और प्रशिक्षण केंद्र बनाने के निर्देश दिए।
Siwan Fisheries: सीवान के जिला पदाधिकारी ने बुधवार को भगवानपुर हाट प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य तालाब, हैचरी, फीड मिल और कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए बेहतर तरीके से काम करने को कहा।
नई हैचरी और फीड मिल लगाने की तैयारी
डीएम ने कहा कि जिले में मत्स्य बीज और फीड की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए अधिक क्षमता वाली नई हैचरी और फीड मिल लगाने की दिशा में जरूरी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चैर भूमि का बेहतर इस्तेमाल करने और वहां मत्स्य पालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। इससे स्थानीय किसानों को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
प्रशिक्षण के लिए बनेगा सामुदायिक भवन
भगवानपुर हाट में मत्स्य किसानों, विद्यार्थियों और मत्स्य पालन में रुचि रखने वाले लोगों के लिए सामुदायिक भवन बनाने का फैसला लिया गया है। डीएम ने अधिकारियों को जल्द से जल्द उपयुक्त जमीन की पहचान करने का निर्देश दिया, ताकि प्रशिक्षण से जुड़ा काम शुरू किया जा सके।
मखाना और मछली पालन पर जोर
कृषि विज्ञान केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीएम ने सीवान चैर क्लस्टर विकास परियोजना को बेहतर तरीके से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने मखाना के साथ मछली पालन को बढ़ावा देने की बात कही। इससे चैर भूमि का एक साथ कई तरह से उपयोग किया जा सकेगा और किसानों को अतिरिक्त आमदनी का जरिया मिल सकता है।
किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जिले में उपलब्ध संसाधनों का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए। खासकर चैर भूमि का बेहतर उपयोग करके मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं और किसानों की आय में भी सुधार हो सकता है।
सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट