Siwan News: मोतिहारी SDO से 25 लाख की रंगदारी मामला, मैरवा में राजन जायसवाल के ठिकानों पर पुलिस की बड़ी रेड

मोतिहारी के SDO से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के हाई-प्रोफाइल मामले में पटना अपराध इकाई और मोतिहारी साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीवान के मैरवा में व्यवसायी राजन जायसवाल के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

मोतिहारी एसडीओ रंगदारी मामला राजन जायसवाल के ठिकानो पर रेड - फोटो : news 4 nation

मोतिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) से 25 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने के हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। सोमवार को मोतिहारी साइबर थाना और पटना अपराध अनुसंधान इकाई की संयुक्त टीम ने सीवान जिले के मैरवा में व्यवसायी राजन जायसवाल के ठिकानों पर सघन छापेमारी की। करीब दो घंटे तक चली इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले से जुड़े कई अहम सुराग जुटाए।


मैरवा थाने में रणनीति के बाद दफ्तर और किराए के मकान को खंगाला

जांच के सिलसिले में सीवान पहुंची टीम ने सबसे पहले मैरवा थाना में स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ गुप्त बैठक कर रणनीति तैयार की। इसके बाद टीम सीधे आरा मशीन कैंपस स्थित राजन जायसवाल के कार्यालय पहुंची, जहां डेढ़ घंटे तक हर कमरे और फाइलों की गहन तलाशी ली गई। कार्यालय के बाद पुलिस टीम शिवपुर मठिया स्थित राजन जायसवाल के किराए के मकान पर भी पहुंची और वहां लगभग 30 मिनट तक गहन जांच-पड़ताल की।


CCTV फुटेज, बैंक खाते और दस्तावेज जब्त, तकनीकी साक्ष्य जुटाए

कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज, परिसर में खड़े वाहनों के नंबर और बैंक खातों से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों को अपने कब्जे में लिया। साइबर और आर्थिक अपराध विशेषज्ञ अधिकारियों की इस टीम ने रंगदारी के इस मामले में वित्तीय लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों को प्राथमिकता के आधार पर खंगाला है, ताकि आरोपी के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए जा सकें।


नौतन स्थित पैतृक आवास पर भी दबिश, पुलिस टीम में एएसपी स्तर के अधिकारी शामिल

मैरवा में दोनों स्थानों से आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के बाद जांच टीम नौतन थाना क्षेत्र के तिवारी टोला स्थित राजन जायसवाल के पैतृक आवास के लिए रवाना हुई, जहां कई बिंदुओं पर पूछताछ और जांच की गई। इस उच्चस्तरीय छापेमारी दल में मोतिहारी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), दो इंस्पेक्टर, साइबर थाना और पटना अपराध इकाई के कई वरिष्ठ अधिकारी व पुलिस बल शामिल थे। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।