Bihar Crime : सिवान पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, सीएसपी संचालक हत्याकांड के 'लाइनर' को किया गिरफ्तार, हथियार और लूट के पैसे किया बरामद
Bihar Crime : सिवान पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहाँ सीएसपी संचालक हत्याकांड के 'लाइनर' को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वहीँ हथियार और लूट के पैसे बरामद किया है......पढ़िए आगे
SIWAN : जिले के सराय थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक अशोक पटेल की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 20 मार्च 2026 को हुई इस दुस्साहसिक वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक मुख्य 'लाइनर' को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में व्याप्त दहशत को कम करने और अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
घटना के अनुसार, नवका टोला निवासी सीएसपी संचालक अशोक पटेल बैंक से नकदी लेकर अपने केंद्र की ओर जा रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उन्हें गोली मार दी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जिसके बाद जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
जांच टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और घटनास्थल से बबुनिया मोड़ तक के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। तकनीकी अनुसंधान के जरिए पुलिस अपराधियों के करीब पहुंची और गुप्त सूचना के आधार पर सिसवन टोला बाइपास रोड पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सलेमपुर नई बस्ती निवासी प्रमोद कुमार को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी प्रमोद ने स्वीकार किया कि उसने ही अपराधियों के लिए रेकी की थी और लाइनर की भूमिका निभाई थी।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल और लूट के 8,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से दो पासबुक, आईडी कार्ड, मोबाइल और घटना में इस्तेमाल किया गया बैग भी जब्त किया है। आरोपी की पहचान महादेवा थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है, जिससे अब गिरोह के अन्य सदस्यों के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।
सराय और महादेवा थानाध्यक्षों की संयुक्त टीम अब इस गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि लाइनर की गिरफ्तारी से लूट और हत्या में शामिल शूटरों के नाम सामने आ चुके हैं और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे। पुलिस की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं विभाग ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का संकल्प दोहराया है।
ताबिश इरशाद की रिपोर्ट