Siwan Police Alert: 25 जुलाई को संभावित प्रदर्शन से पहले सिवान में फ्लैग मार्च, CCTV से रखी जा रही नजर
सिवान एसपी पूरण कुमार झा के निर्देश पर जिला पुलिस बल ने शहर में पैदल मार्च निकाल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।SP ने छात्रों व अभिभावकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और साफ चेतावनी दी है कि उपद्रव या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्ती
NEET परीक्षा और पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विवाद के बीच सिवान में संभावित प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सिवान के पुलिस कप्तान (SP) पूरण कुमार झा के निर्देश पर शुक्रवार को जिला पुलिस बल ने पूरे शहर में सघन पैदल फ्लैग मार्च निकाला। सायरन की गूंज और भारी पुलिस बल की मौजूदगी के साथ निकले इस मार्च का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों में खौफ पैदा करना और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है।
एसपी पूरण कुमार झा ने की शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध की अपील
एसपी पूरण कुमार झा ने छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से विशेष अपील जारी करते हुए कहा है कि NEET परीक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत या असंतोष को केवल लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से ही सक्षम प्राधिकार के समक्ष रखा जाना चाहिए। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि वे सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही किसी भी तरह की अफवाहों या अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और न ही उन्हें बिना पुष्टि के आगे शेयर करें।
उपद्रवियों पर सीसीटीवी से नजर, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि प्रदर्शन के नाम पर उपद्रव, तोड़-फोड़, आगजनी, सड़क जाम करने या सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। किसी भी तरह से कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों के भविष्य की खातिर अभिभावकों से की दूर रहने की अपील
संभावित प्रदर्शन को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी ने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि या उपद्रव से दूर रखें, ताकि उनके करियर और भविष्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े। उन्होंने याद दिलाया कि छात्रों का भविष्य और शिक्षा सर्वोपरि है, और इसके लिए अनुकूल माहौल बनाए रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
किसी भी परिस्थिति से निपटने को तैयार प्रशासन, सहयोग की उम्मीद
सूत्रों के अनुसार, 25 जुलाई को छात्र संगठनों और राजनीतिक नेताओं द्वारा प्रदर्शन किए जाने की संभावना है। इसी के मद्देनजर सिवान पुलिस ने सुरक्षा चक्र को बेहद मजबूत कर दिया है। आज के फ्लैग मार्च ने यह साफ संदेश दे दिया है कि जिला प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। अंत में पुलिस प्रशासन ने आम जनता, छात्रों और अभिभावकों से शांति, संयम और सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया है।
सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट