Bihar News : सिवान पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ मिली बड़ी कामयाबी, भारी मात्रा में स्मैक के साथ 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : सिवान पुलिस ने 48.490 ग्राम स्मैक के साथ कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.....पढ़िए आगे

नशे के सौदागर का खुलासा - फोटो : TABISH

SIWAN : जिले के गुठनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48.490 ग्राम स्मैक के साथ छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को गुठनी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जोगियाडीह गांव स्थित मंदिर के पास एक बागान में कुछ लोग अवैध रूप से स्मैक का कारोबार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही कार्रवाई 

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों की पहचान संजय सिंह, राजेश सिंह, कयामुद्दीन अंसारी, राहित राजभर, अतुल कुमार और तुलसी कुमार के रूप में हुई। इस दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया।

अलग-अलग आरोपितों के पास से मिला स्मैक

पुलिस की तलाशी के दौरान संजय सिंह के पास से सफेद कागज की 35 पुड़िया में कुल 13.800 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। राजेश सिंह के पास से काले रंग की पॉलीथिन में रखा 15 ग्राम स्मैक मिला। वहीं, कयामुद्दीन अंसारी के पास से सफेद कागज की छह पुड़िया में कुल 1.350 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। राहित राजभर, तुलसी कुमार और अतुल कुमार के पास से सफेद कागज की पांच-पांच पुड़िया में कुल 3.340 ग्राम स्मैक मिला। इसके अलावा, विधि-विरुद्ध बालक के पास से उजले रंग की पॉलीथिन में रखा 15 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 48.490 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन जब्त किए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में गुठनी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। सीवान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट