Siwan Illegal Liquor Raids: सराय थाना पुलिस का बड़ा एक्शन,8 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त,शराब माफियाओं में हड़कंप
सिवान के सराय थाना पुलिस ने उखई चंवर में छापेमारी कर 8 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके पर 4000 लीटर पास नष्ट कर माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ा गया। पढ़ें रिपोर्ट।
सीवान जिले में अवैध शराब के निर्माण और खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सराय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के ग्राम उखई स्थित चंवर में ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब का धंधा करने वालों और शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।
8 भट्ठियां ध्वस्त, 4 हजार लीटर पास किया गया नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर सक्रिय 8 अवैध शराब की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किए गए लगभग 4 हजार लीटर पास (कच्चा पदार्थ) को भी मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने निर्माण स्थल के सभी बुनियादी ढांचे को तहस-नहस कर दिया ताकि माफिया दोबारा वहां ठिकाना न बना सकें।
थाना प्रभारी और सब-इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई सराय थाना प्रभारी विकास कुमार बिट्टू एवं सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार के संयुक्त नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने चंवर के दुर्गम और सुनसान इलाकों में अंदर तक जाकर सघन जांच अभियान चलाया और अवैध भट्ठियों को ढूंढ निकालकर इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
शराब माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार
ग्रामीण और सुनसान इलाकों का फायदा उठाकर शराब माफिया चोरी-छिपे भट्ठियां संचालित करने की फिराक में रहते हैं। पुलिस द्वारा न केवल तैयार शराब बल्कि भारी मात्रा में पास और भट्ठियों को नष्ट किए जाने से अवैध कारोबारियों के नेटवर्क और आर्थिक ढांचे पर करारा प्रहार हुआ है। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध धंधेबाजों में भय का माहौल है।
आगे भी जारी रहेगा सघन चेकिंग अभियान
सराय थाना पुलिस की इस मुस्तैदी से साफ है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और सूचना मिलते ही तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीवान से तबिश इरशाद की रिपोर्ट