Bihar Police: थानाध्यक्ष निलंबित, सीवान में हुए पुलिस हमले पर बड़ा एक्शन, 9 आरोपी गिरफ्तार,अवैध बालू ट्रैक्टर हादसे के बाद भड़की थी हिंसा

Bihar Police: सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर से हुए हादसे के बाद भड़की हिंसा मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ा संदेश दिया है।

थानाध्यक्ष निलंबित- फोटो : reporter

Bihar Police: सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर से हुए हादसे के बाद भड़की हिंसा मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ा संदेश दिया है। पुलिस टीम पर हमला, पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थानाध्यक्ष विवेक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह अभिनव कुमार दुबे को दरौली थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।

दरअसल, 28 जून को दरौली थाना क्षेत्र के टोका नारायणपुर गांव में अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे एक व्यक्ति को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि डायल-112 की पुलिस टीम ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान चालक तेज रफ्तार में वाहन भगाने लगा और पुलिस वाहन से बचने के क्रम में ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित झोपड़ीनुमा दुकान में घुस गया। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर दरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट, पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की गई। इस हमले में एक एएसआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें पहले दरौली अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल भेजा गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सीवान स्वयं मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना और वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस टीम पर हमला करने वाले 9 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस हिंसा में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और अवैध बालू कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट