Bihar News : सिवान में महावीरी अखाड़े में हुई चाकूबाजी, भांजे के साथ मेला देखने आए मामा पर हुआ हमला, इलाके में मची अफरा-तफरी

Bihar News : सिवान जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रविवार को आयोजित महावीरी अखाड़े के दौरान अचानक चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई।

मेले में चाकूबाजी - फोटो : TABISH

SIWAN : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर स्थित कचहरी ढाला के समीप रविवार को आयोजित महावीरी अखाड़े के दौरान अचानक चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। अखाड़ा जुलूस के बीच अचानक हुई इस हिंसक वारदात के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कंदवारा का अखाड़ा नंबर-8 जब अपनी तय समय-सारणी के अनुसार श्रीनगर स्थित कचहरी ढाला के पास पहुंचा, तभी भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात सिरफिरे व्यक्ति ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में मामा राजकिशोर यादव और उनका भांजा शशि यादव बुरी तरह जख्मी हो गए।

घायल भांजे की पहचान सरावे गांव निवासी सत्येंद्र नारायण यादव के पुत्र शशि यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि शशि यादव अपने मामा राजकिशोर यादव के घर महावीरी मेला देखने आया हुआ था। दोनों अखाड़े का आनंद ले रहे थे, तभी कचहरी ढाला के पास हमलावर ने उन पर हमला कर दिया।वारदात के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से दोनों खून से लथपथ घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है और हमलावर की पहचान करने के साथ-साथ चाकूबाजी की वजहों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट