Bihar News : सिवान में पत्रकार और कैमरामैन की गिरफ्तारी से गरमाया मामला, अभिषेक यादव बोले– पिछड़ा और यादव होने की मिल रही सजा

Bihar News :पत्रकार एवं यूट्यूबर अभिषेक यादव और उनके सहयोगी कैमरामैन कृष्ण प्रताप सिंह की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है.....पढ़िए आगे

पत्रकार और कैमरामैन गिरफ्तार - फोटो : TABISH

SIWAN : जिले के गोरियाकोठी थाना क्षेत्र के बाजार में पत्रकार एवं यूट्यूबर अभिषेक यादव और उनके सहयोगी कैमरामैन कृष्ण प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामला गरमा गया है। पुलिस और पत्रकार पक्ष की ओर से घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। घटना 7 नवंबर की देर शाम की बताई जा रही है। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दीपावली के अवसर पर बाजार में सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगाकर अतिक्रमण किया जा रहा था। इसकी सूचना पर बीडीओ अभय कुमार सिंह और अंचलाधिकारी अतुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पत्रकार पक्ष का आरोप है कि अभिषेक यादव और कृष्ण प्रताप सिंह बाजार में जनहित से जुड़ी खबर की कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और उनका मोबाइल व माइक छीनकर मारपीट करते हुए दोनों को थाने ले गए।

थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर पहले भी खबरें चलाते रहे हैं अभिषेक

अभिषेक यादव पूर्व में भी गोरियाकोठी थानाध्यक्ष मनीष कुमार की कार्यशैली और उनसे जुड़े गंभीर आरोपों को लेकर खबरें प्रकाशित एवं प्रसारित करते रहे हैं। ऐसे में अब उन्हीं पत्रकार की गिरफ्तारी के बाद पूर्व में प्रकाशित खबरों और वर्तमान कार्रवाई के बीच संबंध को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बदले की भावना से कार्रवाई किए जाने की आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है।

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार, अभिषेक कुमार यादव, कृष्ण प्रताप सिंह और 4-5 अन्य लोगों ने दुकानदारों को उकसाते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की तथा पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की। पुलिस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि इस दौरान बीडीओ अभय कुमार सिंह का दाहिना हाथ गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया, जबकि सीओ अतुल कुमार सिंह भी घायल हुए। बीडीओ के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। 8 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे दोनों को मेडिकल जांच के लिए सीवान सदर अस्पताल लाया गया। इस दौरान अभिषेक यादव ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उन्हें पिछड़ा और यादव होने की सजा दी जा रही है।

पत्रकारों का आरोप 

पत्रकार पक्ष ने घटनास्थल की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क पुलिस द्वारा ले जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब सवाल है कि बाजार में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और पत्रकारों के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या नहीं? सरकारी कार्य में बाधा डालना गलत है, लेकिन पत्रकारों के साथ कथित ज्यादती भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। पूरे मामले में निष्पक्ष जांच से ही दूध का दूध और पानी का पानी हो सकेगा।

सीवान से तबिश इरशाद की रिपोर्ट