कोसी नदी की तेज धारा में बहा 8 वर्षीय मासूम, दोस्तों के साथ नहाने के दौरान हादसा, गांव में मातम

Bihar News : सुपौल जिले के नदी थाना क्षेत्र में आज दोहपर दोस्तों के साथ कोसी नदी में नहाने गया एक 8 वर्षीय लापता हो गया। लापता बच्चे की नदी मे तलाश जारी हैै। इधर परिवार में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है.....

कोसी की तेज धारा में बहा मासूम बच्चा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul  :  जिले के नदी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां सोमवार की दोपहर दोस्तों के साथ नदी किनारे खेलने और नहाने गया एक आठ वर्षीय बच्चा अचानक कोसी की तेज धारा में लापता हो गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार के गांव में बेचैनी, चीख-पुकार और गहरे मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


नहाने के दौरान गहरे पानी में गया सजेबोल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदी थाना क्षेत्र के सिसौनी पंचायत निवासी रुस्तम का आठ वर्षीय पुत्र सजेबोल गांव के ही अन्य बच्चों के साथ कोसी नदी के किनारे खेल रहा था। इसी बीच बच्चे नहाने के लिए नदी में उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाने के दौरान सजेबोल का पैर फिसल गया या वह अंदाजा नहीं लगा सका और कुछ ही देर में नदी के गहरे पानी की ओर चला गया।


बचाने की कोशिशें रहीं नाकाम

सजेबोल को डूबता देख नदी में मौजूद साथी बच्चों ने उसे बचाने की अपने स्तर से भरसक कोशिश की और शोर मचाया। लेकिन, कोसी नदी के भीषण और तेज बहाव के आगे मासूम बच्चों की एक न चली और वे बेबस नजर आए। देखते ही देखते आठ साल का सजेबोल पानी की तेज लहरों के बीच ओझल हो गया और नदी की मुख्य धारा में बह गया।


ग्रामीणों ने नावों से शुरू की तलाश

मासूम बच्चे के कोसी नदी में लापता होने की खबर जैसे ही आग की तरह गांव में फैली, भारी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय गोताखोर नदी किनारे दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत अपनी सूझबूझ से नावों की मदद ली और कुछ युवक खुद पानी में उतरकर बच्चे की तलाश में जुट गए। हालांकि, ग्रामीणों द्वारा घंटों किए गए स्थानीय प्रयासों के बावजूद बच्चे का कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया।


तेज बहाव से खोज अभियान में दिक्कतप्रशासन अलर्ट

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव और पानी का बहाव काफी तेज है, जिसके कारण खोज अभियान चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना स्थानीय नदी थाना पुलिस और अंचल प्रशासन को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक तंत्र भी सक्रिय हो गया है और आपदा प्रबंधन की टीम व सरकारी गोताखोरों की मदद से सघन तलाश अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट