बाइक की टक्कर से वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत, सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा

Supaul : जिले के निर्मली-मरौना मुख्य सड़क मार्ग पर बुधवार की सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की जान चली गई। यह हृदयविदारक घटना नदी थाना क्षेत्र के ईटहरी चौक स्थित महादलित टोला के समीप घटी। सुबह-सुबह हुए इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


घास लेकर लौट रही थीं सांझा देवी

हादसे में जान गंवाने वाली मृतका की शिनाख्त ईटहरी गांव की निवासी करीब 65 वर्षीय सांझा देवी के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह वह पशुओं के लिए घास लेकर आ रही थीं और इसी दौरान वह सड़क पार करने लगीं। तभी निर्मली की ओर से आ रही एक अत्यंत तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वृद्ध महिला सड़क पर काफी दूर जाकर गिरीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, लेकिन तब तक मौका पाकर बाइक चालक फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी तुरंत नदी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


बाइक को लेकर असमंजस की स्थिति

इस दुर्घटना में शामिल रही मोटरसाइकिल को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना के बाद चालक अपनी बाइक समेत तेजी से भाग निकला, जबकि कुछ अन्य स्थानीय लोग यह दावा कर रहे हैं कि क्षतिग्रस्त बाइक को मृतका के आक्रोशित परिजनों ने अपने कब्जे में रख लिया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से बाइक की बरामदगी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


पुलिस जांच में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए नदी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अंशु कुमार ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फरार बाइक चालक और वाहन की सटीक पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, थानाध्यक्ष शिशुपाल ने आश्वस्त किया कि मामले में परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट