बांस लदे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा: एक की मौके पर दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसरमा–जगतपुर मार्ग स्थित सिमरा चौक के पास गुरुवार की देर रात एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ बांस लदे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।


चार महीने पहले मृतक की हुई थी शादी

मृतक युवक की पहचान बैरों वार्ड संख्या-9 निवासी इंद्रदेव यादव के 26 वर्षीय पुत्र शिवकुमार यादव के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान रौशन कुमार के रूप में की गई है, जिसका इलाज सुपौल सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शिवकुमार यादव की शादी महज दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी चार महीने की एक मासूम बेटी है। गुरुवार को वह अपने साले रौशन कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर करजाइन बाजार के गौसपुर से लाउढ़ विशनपुर स्थित अपनी एक रिश्तेदारी में जा रहे थे।


विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, जैसे ही दोनों बाइक सवार सिमरा चौक के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक बांस लदे ओवरलोडेड ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और शिवकुमार यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रौशन कुमार गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल रौशन को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।


मौत की खबर मिलते ही परिवार मे मचा कोहराम

इधर, जैसे ही शिवकुमार की मौत की खबर उनके गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में रोते-बिलखते परिजन और आक्रोशित ग्रामीण सिमरा चौक पर इकट्ठा हो गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उग्र लोगों ने स्थानीय प्रशासन और बेलगाम रफ्तार वाहनों के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क जाम हो जाने के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर यात्री बसों और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


हादसे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को ढांढस बंधाया और उचित कानूनी कार्रवाई व मुआवजे का भरोसा देकर समझाने का प्रयास किया। पुलिस की काफी मशक्कत और समझाने के बाद करीब दो घंटे बाद जाम को हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट