मवेशी व्यापारियों से बंदूक की नोंक पर 25 लाख की बड़ी लूट, पल्सर सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम

Supaul -  बिहार के सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सदर थाना क्षेत्र के हुसैन चौक लिंक रोड (वार्ड 22) में बुधवार की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने दो मवेशी व्यापारियों को निशाना बनाते हुए 25 लाख रुपये लूट लिए। इस दुस्साहसिक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय व्यापारियों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की तलाश में जुटी है।

हाट जाने के दौरान अपराधियों ने घेरा

घटना सुबह करीब 6:45 बजे की है जब उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले व्यापारी नवाब और शहजाद उर्फ मुन्ना मधेपुरा के सिंहेश्वर मवेशी हाट जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें लिंक रोड पर रोक लिया। अपराधियों ने व्यापारियों पर हथियार तान दिए और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

10 वर्षों से सुपौल में रहकर कर रहे थे व्यापार

पीड़ित व्यापारी पिछले एक दशक से सुपौल को अपना केंद्र बनाकर सहरसा, मधेपुरा और सुपौल के विभिन्न हाटों में मवेशियों की खरीद-बिक्री का काम कर रहे हैं। वे वर्तमान में हुसैन चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे। व्यापारियों ने बताया कि वे हाट में खरीदारी के लिए बड़ी रकम लेकर जा रहे थे, जिसकी भनक शायद अपराधियों को पहले से थी।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की जांच

लूट की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसडीपीओ एस अनुभवी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित व्यापारियों के बयान दर्ज किए हैं और अपराधियों के भागने के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए कई तकनीकी इनपुट्स पर काम किया जा रहा है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट