Bihar News : बिहार में Tata Motors के नाम पर नकली DEF बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, IP India की छापेमारी में 3 हिरासत में

Bihar News : औरंगाबाद में नकली DEF बनाने वाली अवैध कंपनी उद्भेदन हुआ है. जहाँ रतनुआ में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया है. वहीँ पुलिस ने 3 को हिरासत में लिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में Tata Motors के नाम पर नकली DEF बनाने
नकली DEF बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश- फोटो : DINANATH

AURANGABAD : बिहार के औरंगाबाद जिले से वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों के साथ हो रहे बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। IP India Private Limited की विशेष टीम ने शुक्रवार को औरंगाबाद के रतनुआ क्षेत्र में बड़ी छापेमारी करते हुए Tata Motors के नाम पर बनाए जा रहे नकली 'डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड' (DEF) के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है।

IP India Private Limited के अधिकृत अधिकारी मोहम्मद शाहिद ने जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी को पिछले कुछ दिनों से लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि एक गिरोह Tata Motors के नाम और लेबल का गलत इस्तेमाल कर बाजार में भारी मात्रा में नकली DEF की आपूर्ति कर रहा है। सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद पुलिस की मदद से रतनुआ स्थित एक मकान में छापेमारी की गई। मौके से भारी मात्रा में Tata Motors ब्रांडिंग वाली खाली और भरी हुई DEF बाल्टियां बरामद की गईं, जिन्हें जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से संदेह के आधार पर 3 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। IP India के अधिकारी मोहम्मद शाहिद ने सभी वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के नुकसान से बचने के लिए केवल अधिकृत डीलरों और प्रामाणिक सर्विस सेंटरों से ही DEF खरीदें।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नकली DEF के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन और SCR (सिलेक्टिव कैटेलिटिक रिडक्शन) सिस्टम को बेहद गंभीर नुकसान पहुंचता है। इससे गाड़ियों में अचानक खराबी आने के साथ-साथ वाहन मालिकों के लिए रखरखाव और मरम्मत का खर्च भी कई गुना बढ़ जाता है। फिलहाल स्थानीय नगर थाने की पुलिस जब्त सामान को कब्जे में लेकर इस अवैध नेटवर्क के मुख्य सरगना की पहचान करने और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करने में जुट गई है। पुलिस की इस तत्परता से इलाके में नकली स्पेयर पार्ट्स और केमिकल बेचने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।

दीनानाथ की रिपोर्ट