सदर अस्पताल में सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण : दो डॉक्टर मिले गायब, शो-कॉज जारी

Bihar News : सुपौल जिले के सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान डयूटी पर विलंब से आने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने डयूटी पर विलंब से आने वाले डॉक्टर को शो-कॉज जारी किया है....

सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर नकेल कसने के लिए सोमवार को सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। सिविल सर्जन के अचानक सदर अस्पताल पहुंचते ही पूरे अस्पताल परिसर और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। इस औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई कमियां उजागर हुईं, वहीं ड्यूटी से नदारद रहने वाले दो डॉक्टरों से सिविल सर्जन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए शोकॉज जारी किया है।


रूम नंबर छह से गायब मिले डॉक्टर, देर से आने पर मांगी सफाई

अस्पताल के ओपीडी निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन जब रूम नंबर छह में पहुंचे, तो वहां तैनात डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। तय समय सीमा बीत जाने के काफी बाद वे सुबह करीब 11:20 बजे अस्पताल पहुंचे। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सिविल सर्जन ने ऑन-ड्यूटी डॉक्टर से विलंब का कारण पूछा और उनके खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करते हुए जवाब तलब किया है। इसके अलावा, आई स्पेशलिस्ट (आंख विशेषज्ञ) वार्ड के चिकित्सक भी निरीक्षण के दौरान अपनी ड्यूटी से नदारद पाए गए।


लापरवाह डॉक्टरों को सीएस की चेतावनी, खुद आउटडोर में बैठने का लिया फैसला

अस्पतालों में डॉक्टरों की लेटलतीफी और अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने व्यवस्था में अविलंब सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए। डॉक्टरों को कड़ा संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद कल से अस्पताल के आउटडोर (OPD) में ड्यूटी पर बैठेंगे, ताकि मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


वार्डों का लिया जायजा, मरीजों से पूछा- समय पर मिलता है भोजन और दवा?

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल के प्रत्येक वार्ड का गहन जायजा लिया और आपातकालीन वार्ड (इमरजेंसी) में भर्ती मरीजों से खुद बातचीत की। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से पूछा कि उन्हें अस्पताल प्रशासन की तरफ से समय पर भोजन, नाश्ता और दवाइयां मुहैया कराई जा रही हैं या नहीं। इस पर वार्ड में भर्ती मरीजों ने संतोषजनक जवाब देते हुए सिविल सर्जन को बताया कि उन्हें निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन और नाश्ता मिल रहा है।


डॉक्टरों ने पानी और महिला वार्ड की समस्या से कराया अवगत, सुधार का आश्वासन

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों ने सिविल सर्जन को कुछ बुनियादी समस्याओं से भी अवगत कराया। डॉ. शशि भूषण ने बताया कि अस्पताल में पानी की काफी किल्लत हो रही है, जिससे मरीजों और स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं डॉ. रंजीत कुमार ने महिला वार्ड से जुड़ी कुछ समस्याओं को उनके सामने रखा। इन समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए सीएस ने जल्द ही पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और महिला वार्ड की स्थिति में सुधार लाने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान उपाधीक्षक डॉ. नूतन वर्मा, शशि रंजन, ठाकुर प्रसाद, शिशु रोग विशेषज्ञ शशि कुमारी, पूजा कुमारी, मैनेजर अभिषेक और मुकेश कुमार सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट