SSB और बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई : हथियार और ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime : भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एसएसबी और बिहार पुलिस की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध हथियार और मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है

हथियार और ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी नरपतपट्टी की टीम ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस विशेष कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एक आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की है, जिसके पास से अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।


देर रात की गई छापेमारी

यह पूरी कार्रवाई 19 मई की रात लगभग 2 बजे की बताई जा रही है। एसएसबी और राघोपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त रेड पार्टी गठित की थी। सुरक्षा बलों की मुस्तैद टीम ने बिना वक्त गंवाए लक्षित स्थान पर त्वरित दबिश दी। रात के अंधेरे में की गई इस अचानक घेराबंदी के कारण आरोपी को संभलने का मौका नहीं मिला और उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।


भारी मात्रा में सामान जब्त

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो सुपौल जिले के ग्राम परसरमा का निवासी है। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में जब आरोपी के घर की पूरी कानूनी प्रक्रियाओं के साथ तलाशी ली गई, तो वहां से कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुईं। सुरक्षा बलों ने मौके से 01 देशी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस, 9.2 ग्राम ब्राउन शुगर, 01 मोटरसाइकिल और ₹19,267 की भारतीय नकदी जब्त की है।


संतोषजनक जवाब नहीं दे सका आरोपी

पूछताछ के दौरान जब आरोपी दीपक कुमार से बरामद हथियार, कारतूस और नशीले पदार्थ (ब्राउन शुगर) के वैध दस्तावेजों के बारे में पूछा गया, तो वह कोई भी संतोषजनक उत्तर या सबूत पेश नहीं कर सका। इसके बाद सुरक्षा बलों ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए जब्त किए गए सभी सामानों और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राघोपुर थाना, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया है।


गुप्त सूचना पर त्वरित एक्शन

45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से ग्राम परसनमा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ छुपाकर रखे जाने की इनपुट मिली थी। इस सफल ऑपरेशन में एसएसबी के सहायक कमांडेंट सुधीर कुमार, निरीक्षक (सामान्य) राघव कुमार झा और बिहार पुलिस के सहायक उप निरीक्षक सिकंदर साह सहित अन्य जवानों ने बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका निभाई।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट