जनता महंगाई से त्रस्त, पीएम मेलोडी में मस्त : कांग्रेस का केंद्र सरकार पर तीखा हमला

Bihar Politics : कांग्रेस ने केन्द्र की मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा है कि केन्द्र सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता को महंगाई की आग मे झोककर जीना मुहाल कर दिया है....

कांग्रेस का केंद्र सरकार पर तीखा हमला- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सुपौल जिलाध्यक्ष अनुपम ने बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए आम आदमी का जीना दूभर कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता महंगाई से कराह रही है और प्रधानमंत्री विदेश दौरों में व्यस्त हैं।


11 दिनों में चार बार बढ़ीं कीमतें, आंकड़ों से सरकार को घेरा

जिलाध्यक्ष अनुपम ने ठोस आंकड़ों और तथ्यों को सामने रखते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के पीछे कोई वाजिब तर्क नहीं है। उन्होंने सत्तापक्ष के उन दावों को खारिज कर दिया जिसमें अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल को कीमतों में बढ़ोतरी की वजह बताया जा रहा है। अनुपम ने कहा कि पिछले 11 दिनों के भीतर चार बार दाम बढ़ाकर कुल 8 बार जो बढ़ोतरी की गई है, उसने आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है।


2014 बनाम 2026: कच्चे तेल के खेल का किया पर्दाफाश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर आंकड़ों की तुलना करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्ष 2014 में जब मोदी सरकार ने पहली बार कार्यभार संभाला था, तब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगभग 110 डॉलर प्रति बैरल थी, और देश में पेट्रोल 70 रुपये व डीजल 55 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था। जबकि आज कच्चा तेल सस्ता होकर 97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने पेट्रोल की कीमत बढ़ाकर 114 रुपये और डीजल 100 रुपये प्रति लीटर कर दिया है, जो जनता के साथ सरासर अन्याय है।


निजी तेल कंपनियों के रिकॉर्ड मुनाफे पर उठाए सवाल

केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए अनुपम ने कहा कि एक तरफ देश की जनता पर तेल का कमरतोड़ बोझ डाला जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ निजी तेल कंपनियां मुनाफे के नए रिकॉर्ड बना रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को 95,610 करोड़ रुपये का शुद्ध फायदा हुआ है, जिससे यह 10 बिलियन डॉलर का मुनाफा कमाने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है। यह साबित करता है कि जनता की जेब काटकर पूंजीपतियों की तिजोरियां भरी जा रही हैं।


'जनता त्रस्त, प्रधानमंत्री मेलोडी में मस्त' के नारे से साधा निशाना

प्रधानमंत्री के हालिया विदेश दौरों पर तंज कसते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, "जब देश की जनता महंगाई से त्राहि-त्राहि कर रही है, तब प्रधानमंत्री इटली जाकर वहां की महिला राष्ट्राध्यक्ष के साथ 'मेलोडी' (Melodi) के रंग में मस्त हैं।" उन्होंने कहा कि सरकार जनता को खर्च कम करने, सोना न खरीदने और यात्राएं न करने की नसीहत दे रही है, जिससे साफ है कि देश गंभीर आर्थिक संकट में है। अनुपम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश का युवा अब इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगा और जल्द ही सड़कों पर उतरकर इस व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंकेगा।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट