रफ्तार का कहर: अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को रौंदा, स्थिति गंभीर
Biahr News : सुपौल जिले में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 25 वर्षीय युवक को रौंद डाला। हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया
Supaul : जिले के वीरपुर अनुमंडल क्षेत्र के वीरपुर इलाके में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक बार फिर रफ्तार के इस जानलेवा खेल ने एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की तत्परता के कारण घायल युवक को तुरंत खून से लथपथ हालत में उठाकर वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन युवक की नाजुक स्थिति और शरीर पर गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च संस्थान (हायर सेंटर) रेफर कर दिया।
घटना के बाद परिवार और गांव में कोहराम
अस्पताल प्रशासन और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की पहचान बलभद्रपुर निवासी 25 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में की गई है। रोशन की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है और परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे लेकर रवाना हो चुके हैं। इस घटना के बाद से घायल युवक के गांव और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है तथा सभी उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
ट्रैक्टर के तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस बिना समय गंवाए दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के अनुसार, यह हादसा ट्रैक्टर चालक की लापरवाही और वाहन के पूरी तरह अनियंत्रित हो जाने के कारण हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और चालक की तलाश में जुट गई है।
ग्रामीणों में प्रशासन और बेलगाम वाहन चालकों के खिलाफ आक्रोश
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन और बेलगाम वाहन चालकों के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहन लगातार मासूम लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, लेकिन परिवहन नियमों का पालन कराने में शिथिलता बरती जा रही है। ग्रामीणों ने जिला व स्थानीय प्रशासन से वीरपुर इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर नकेल कसने, सघन चेकिंग अभियान चलाने और गति सीमा निर्धारित करने की पुरजोर मांग की है।
विनय कुमार मिश्रा