एसएसबी 45वीं वाहिनी ने लगाया निःशुल्क दंत जांच शिविर, बल कर्मियों और परिजनों सहित 70 लोगों को मिला लाभ
Bihar News : एसएसबी की 45वीं वाहिनी, बीरपुर के वाहिनी चिकित्सालय में एक विशेष स्वास्थ्य पहल की गई। कमांडेंट गौरव सिंह के निर्देशन में रविवार को निःशुल्क दंत जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया...
Supaul : भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी, बीरपुर के वाहिनी चिकित्सालय में एक विशेष स्वास्थ्य पहल की गई। कमांडेंट गौरव सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं कुशल निर्देशन में रविवार को निःशुल्क दंत जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सीमा सुरक्षा में तैनात बल कर्मियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना और उन्हें दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
इस एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर में बीरपुर के जाने-माने दंत चिकित्सक डॉ. सुबोध कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कैंप में पहुंचे वाहिनी के सदस्यों, उनके परिवारों की महिलाओं, बच्चों तथा वाहिनी मुख्यालय में उपस्थित बल कर्मियों सहित लगभग 70 लोगों के दांतों की गहन एवं निःशुल्क जांच की। आधुनिक उपकरणों से की गई इस जांच के बाद, जिन लोगों में पायरिया, कैविटी या अन्य दंत विकार पाए गए, उन्हें डॉक्टरों की सलाह पर वाहिनी द्वारा आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान केवल इलाज ही नहीं, बल्कि निवारक स्वास्थ्य (प्रिवेंटिव हेल्थ) पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. सुबोध कुमार ने दांतों की नियमित सफाई, सही खान-पान और गंभीर दंत रोगों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित बच्चों और बड़ों को ब्रश करने का सही तरीका सिखाया और इस बात पर विशेष बल दिया कि साल में कम से कम दो बार दंत चिकित्सक से जांच जरूर करानी चाहिए ताकि किसी भी बड़ी बीमारी को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।
इस कल्याणकारी और गरिमामयी अवसर पर सशस्त्र सीमा बल के कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में उप कमांडेंट हरजीत राय, सहायक कमांडेंट राहुल कुमार, निरीक्षक (सामान्य) रिजवान अहमद, सहायक उप निरीक्षक (मेडिक्स) घनश्याम नाथ और सहायक उप निरीक्षक एस. सोना तांबा सहित वाहिनी के अन्य मेडिकल स्टाफ और बल कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने डॉक्टर और उनकी टीम का आभार प्रकट किया।
गौरतलब है कि 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जनकल्याणकारी, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जाता रहा है। वाहिनी के अधिकारियों ने बताया कि कठिन परिस्थितियों में देश की सेवा करने वाले बल कर्मियों और उनके परिवारजनों को बेहतर व सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस शिविर के आयोजन से वाहिनी परिसर में रहने वाले परिवारों और जवानों में काफी खुशी देखी गई।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट