Bihar Road Accident: पांच वाहनों की भीषण टक्कर, युवक की मौत, दो लोगों की हालत गंभीर
Bihar Road Accident: सुपौल शहर में सदर थाना गेट के ठीक सामने भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई...
Bihar Road Accident: सुपौल शहर में रविवार की देर रात सदर थाना गेट के ठीक सामने भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पांच वाहनों के बीच हुई जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बेकाबू ट्रक सड़क किनारे स्थित एक जूस दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र की मल्हनी पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी श्याम सुंदर कामत के 30 वर्षीय पुत्र सूर्यवंशी के रूप में हुई है। दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी दो अन्य लोगों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुदरी बाजार की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक सदर थाना गेट के सामने पहुंचते ही कहर बनकर टूट पड़ा। ट्रक ने पहले एक बाइक, दो कार और एक अन्य ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बेकाबू वाहन सड़क किनारे स्थित जूस दुकान में जा घुसा। इसी दौरान बाइक सवार सूर्यवंशी भी ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक तथा कार के बीच बुरी तरह फंस गए।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और प्रभारी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद युवक को वाहनों के बीच से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल सुपौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी अन्य लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना में कुल कितने लोग जख्मी हुए, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे मल्हनी पंचायत में मातमी सन्नाटा पसर गया।
रिपोर्ट- विनय कुमार मिश्र