तीसरे की एंट्री ने उजाड़ा घर: पति को था किसी और से बात करने का शक, अब संदिग्ध हाल में पत्नी की मौत

सुपौल के त्रिवेणीगंज में एक त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के शक ने हस्ते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का अंत नेहा कुमारी की संदिग्ध मौत के साथ हुआ।

Supaul - : नगर परिषद क्षेत्र के बभनगामा वार्ड संख्या 9 में सोमवार दोपहर एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आशीष कुमार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर के आंगन में पड़े शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। 

सात साल पहले हुई थी शादी, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

मृतका नेहा कुमारी पिपरा थाना क्षेत्र के सखुआ निवासी वरुण झा की पुत्री थीं। करीब सात वर्ष पूर्व उनकी शादी आशीष कुमार के साथ हुई थी। इस दांपत्य जीवन में उनके दो छोटे बच्चे हैं—तीन वर्षीय आयांश और डेढ़ वर्षीय अक्ष। मां की मौत के बाद दोनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच फोन पर किसी तीसरे व्यक्ति से बातचीत को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। 

पिता का आरोप: नशे की हालत में मारपीट करता था दामाद

जहाँ एक ओर प्रारंभिक चर्चाओं में मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ सेवन करने की बात कही जा रही है, वहीं मृतका के पिता वरुण झा ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि आशीष कुमार नशे का आदी है और वह अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार किया है और न्याय की गुहार लगाई है। 

पति हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति आशीष कुमार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।