मौत' की रफ्तार: दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, तीन युवकों की मौत, दो की हालत नाजुक
तेज रफ्तार का काल बनकर आई दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई । नेमनमा पेट्रोल पंप के पास हुए इस भीषण हादसे में दो अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, जिन्हें नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है
Supaul - सुपौल-किशनपुर मुख्य मार्ग पर नेमनमा पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइक सवार बेहद तेज गति में थे, जिसके कारण संतुलन बिगड़ गया और यह भीषण हादसा हुआ।
तीन घरों के चिराग बुझे, दो गंभीर घायल
इस सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के राजपुर वार्ड-1 निवासी बिक्की कुमार (22 वर्ष) और ब्रजेश कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। वहीं, राजपुर के ही मणिभूषण मंडल (24 वर्ष) और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने निभाया मानवता का धर्म
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। सड़क पर बिखरा खून और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें हादसे की भयावहता को बयां कर रही थीं।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है और अज्ञात मृतकों व घायलों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का बुरा हाल
हादसे की खबर जैसे ही राजपुर गाँव पहुँची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। एक साथ दो-तीन युवकों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा नियंत्रित करने और सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने की मांग की है।
रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्रा