Udit Narayan News: उदित नारायण पर पहली पत्नी का रोंगटे खड़े कर देने वाला आरोप—"बिना बताए निकलवाया मेरा गर्भाशय"
Udit Narayan Wife Complaint: दिग्गज गायक उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने महिला थाने में आवेदन दिया है. दावा किया है कि उनकी सहमति के बिना उनका गर्भाशय निकालवाया गया है.
बॉलीवुड के दिग्गज गायक उदित नारायण एक बार फिर कानूनी और निजी विवादों में घिर गए हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने बिहार के सुपौल महिला थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस आवेदन में उन्होंने उदित नारायण, उनके दो भाइयों और उनकी दूसरी पत्नी के खिलाफ साजिश, वैवाहिक धोखाधड़ी और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न के संगीन आरोप लगाए हैं। रंजना का दावा है कि शादी 7 दिसंबर 1984 में पारंपरिक रीति-रिवाज से उनकी शादी हुई थी, लेकिन मुंबई जाने के बाद उदित नारायण ने उनसे दूरियाँ बना लीं।
बिना सहमति गर्भाशय निकालने का दावा
इस शिकायत का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा स्वास्थ्य से जुड़ा है। रंजना झा ने आरोप लगाया है कि 1996 में उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया था। उनका दावा है कि वहाँ उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय (Uterus) निकाल दिया गया। रंजना के अनुसार, उन्हें इस बड़ी सर्जरी का पता काफी समय बाद तब चला जब उन्होंने दूसरे डॉक्टरों से परामर्श लिया। उन्होंने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।
दूसरी शादी और आर्थिक तंगी का दुखड़ा
रंजना झा ने बताया कि उदित नारायण की दूसरी शादी की खबर उन्हें मीडिया के जरिए मिली थी। जब उन्होंने इस पर सवाल उठाए, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। ६१ वर्षीय रंजना का कहना है कि वह फिलहाल गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक मदद का आश्वासन मिलने के बावजूद उन्हें कोई सहायता नहीं मिली, जिसके कारण उन्हें अब पुलिस की शरण लेनी पड़ी है।
पुलिस कार्रवाई और चुप्पी
सुपौल महिला थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है। यह मामला काफी पुराना होने के कारण कानूनी पेचीदगियाँ भी सामने आ सकती हैं। फिलहाल इस पूरे विवाद पर उदित नारायण या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों की नजरें अब इस हाई-प्रोफाइल मामले के अगले मोड़ पर टिकी हैं।