Bihar News: समृद्धि यात्रा कार्यक्रम में जाने के लिए बस का इंतज़ार हुआ बेकार, ग़ुस्से में सड़क पर उतरीं जीविका दीदियाँ , किया सड़क जाम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्धि यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने जा रही जीविका दीदियों ने बस नहीं मिलने पर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। ...

समृद्धि यात्रा कार्यक्रम में जाने के लिए बस का इंतज़ार हुआ बेकार- फोटो : reporter

Bihar News: सुपौल जिले के निर्मली में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्धि यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने जा रही जीविका दीदियों ने बस नहीं मिलने पर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। त्रिवेणीगंज प्रखंड क्षेत्र के पथरा गोरधई पंचायत से आई दर्जनों महिलाओं ने भूड़ा चंपावती मंदिर के पास एनएच-327 पर बैठकर करीब 20 मिनट तक सड़क को पूरी तरह ठप कर दिया।

दरअसल, जीविका से जुड़ी महिलाओं को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शरीक होने के लिए सुबह छह बजे भूड़ा चंपावती मंदिर के पास पहुंचने का पैगाम दिया गया था। हुक्म के मुताबिक महिलाएं वक्त से पहले ही वहां जमा हो गईं, लेकिन काफी इंतज़ार के बाद भी कोई बस या गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। लगातार इंतज़ार और बेइंतज़ामी से परेशान होकर महिलाओं का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने ग़ुस्से में आकर हाईवे जाम कर दिया।

जाम कर रही जीविका दीदियों में पूजा कुमारी, आशा कुमारी समेत कई महिलाओं ने बताया कि उन्हें कार्यक्रम में ले जाने के लिए सुबह से ही तैयार रहने को कहा गया था। “हम लोग वक्त पर पहुंच गए, लेकिन घंटों तक कोई वाहन नहीं आया। न कोई अधिकारी आया, न कोई जानकारी दी गई। आखिरकार मजबूर होकर हमें सड़क पर उतरना पड़ा,” महिलाओं ने नाराज़गी जताते हुए कहा।

महिलाओं के सड़क पर बैठ जाने से एनएच-327 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया और भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। इसके बाद महिलाओं ने जाम हटाया, तब जाकर करीब 20 मिनट बाद सड़क पर आवागमन फिर से बहाल हो सका।

रिपोर्ट- विनय कुमार मिश्रा